Last Updated:
Jharkhand Kabaddi Team: कोडरमा की मनीषा कुमारी का चयन 52वीं जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम में हुआ है. कारपेंटर की बेटी मनीषा का सपना भारतीय टीम में खेलना है. मनीषा ने बताया कि जिला और राज्य स्तर की कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के बाद अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड टीम की ओर से खेलने का अवसर मिला है.
कोडरमा: अगर मन में कुछ कर गुजरने का जुनून हो और लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार मेहनत की जाए तो आर्थिक परिस्थितियां भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकतीं. झुमरी तिलैया के गुमो सतपुलिया के समीप रहने वाली मनीषा कुमारी ने इसे साबित कर दिखाया है. एक मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाली मनीषा का चयन 52वीं जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप के बालिका वर्ग में झारखंड टीम के लिए हुआ है. उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार, बल्कि पूरे कोडरमा जिले में खुशी का माहौल है.
मनीषा कुमारी, पिता दिलीप कुमार और माता सुनीता देवी की पुत्री हैं. उनके पिता कारपेंटर का काम करते हैं. परिवार की सामान्य आर्थिक स्थिति के बावजूद मनीषा ने अपने खेल के प्रति समर्पण, मेहनत और निरंतर अभ्यास के दम पर कबड्डी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है. आज उनकी प्रतिभा को राज्य स्तर पर पहचान मिली है और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है.
स्कूल के मैदान से शुरू हुआ कबड्डी का सफर
मनीषा ने बताया कि कबड्डी खेलने की शुरुआत उन्होंने स्कूल में खेलकूद के दौरान की थी. शुरुआत में यह उनके लिए अन्य खेलों की तरह एक सामान्य गतिविधि थी, लेकिन धीरे-धीरे कबड्डी के प्रति उनकी रुचि बढ़ती चली गई. स्कूल में खेलने के बाद उन्होंने जिला स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना शुरू किया. इस दौरान उन्हें कई सीनियर कबड्डी खिलाड़ियों का खेल देखने और उनसे सीखने का अवसर मिला. खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन और खेल के प्रति उनके समर्पण से मनीषा काफी प्रभावित हुईं. यहीं से उनके मन में कबड्डी को गंभीरता से अपनाने और इस खेल में आगे बढ़ने का विचार आया. धीरे-धीरे उन्होंने जिला स्तर से आगे बढ़कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लेना शुरू किया.
रोजाना पांच घंटे मैदान में बहा रहीं पसीना
राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए मनीषा लगातार अभ्यास कर रही हैं. खिलाड़ियों को तैयार करने में जिले के सीनियर कबड्डी खिलाड़ियों की भी अहम भूमिका है. राहुल कुमार, पवन कुमार, नवाज दिलशान और बिट्टू कुमार सहित अन्य अनुभवी खिलाड़ी जेजे कॉलेज के मैदान में खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण दे रहे हैं. यहां सुबह और शाम दोनों समय अभ्यास कराया जाता है. खिलाड़ी प्रतिदिन कुल मिलाकर करीब पांच घंटे मैदान में पसीना बहाते हैं. इस दौरान खेल की बारीकियों, तकनीक, शारीरिक क्षमता और बेहतर प्रदर्शन पर विशेष ध्यान दिया जाता है. राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता को देखते हुए खिलाड़ियों की तैयारी लगातार जारी है.
भारतीय टीम में जगह बनाना है सपना
मनीषा ने बताया कि जिला और राज्य स्तर की कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के बाद अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड टीम की ओर से खेलने का अवसर मिला है. यह उनके लिए बेहद खास उपलब्धि है. हालांकि उनका लक्ष्य केवल राष्ट्रीय प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है. वह भविष्य में भारतीय कबड्डी टीम का हिस्सा बनकर देश के लिए खेलना चाहती हैं. इसके लिए वह लगातार मेहनत कर रही हैं और अलग-अलग प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास कर रही हैं. उनका मानना है कि नियमित अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत, दैनिक भास्कर के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से Hindi.News18.com<…