Last Updated:
BSc Nursing Course To Begin At NPU: नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय पलामू में बीएससी नर्सिंग और इंटीग्रेटेड बीएड कोर्स शुरू जल्द ही शुरू होगा. इससे जिले और आसपास के छात्रों को इन विषयों की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. ये मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध होंगे.
पलामू. बदलते दौर में पलामू भी बदल रहा है. जहां जिले और आसपास के क्षेत्रों के छात्रों को नर्सिंग जैसे प्रोफेशनल कोर्स की पढ़ाई के लिए रांची, पटना, दिल्ली और अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, या निजी संस्थानों में दाखिले के लिए लाखों रुपये फीस खर्च करनी पड़ती थी. इस वजह से आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों के कई छात्र-छात्राओं का नर्सिंग क्षेत्र में करियर बनाने का सपना अधूरा रह जाता था.
लेकिन अब नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय में बीएससी नर्सिंग कोर्स शुरू होने की तैयारी से स्थानीय युवाओं को बड़ी राहत मिलने वाली है. कम शुल्क में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाओं के साथ अब छात्र अपने जिले में ही नर्सिंग की पढ़ाई कर स्वास्थ्य क्षेत्र में करियर बनाने का सपना साकार कर सकेंगे.
प्रोफेशनल कोर्स शुरू होंगे
बता दें कि पलामू स्थित नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय (एनपीयू) छात्रों को रोजगारपरक और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने आगामी सत्रों से विभिन्न प्रोफेशनल कोर्स शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है. इसके लिए विश्वविद्यालय में इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज की स्थापना की जा रही है, जहां छात्रों को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ रोजगार उन्मुख पाठ्यक्रमों का लाभ मिलेगा. विश्वविद्यालय का उद्देश्य युवाओं को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उन्हें बेहतर करियर के अवसर उपलब्ध कराना है.
बीएससी नर्सिंग और इंटीग्रेटेड बीएड कोर्स की तैयारी
कुलपति दिनेश सिंह ने लोकल18 को बताया कि इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज के तहत सबसे पहले बीएससी नर्सिंग और इंटीग्रेटेड बीएड कोर्स शुरू करने की योजना है. इसके लिए आवश्यक प्रक्रियाएं प्रारंभ कर दी गई हैं. सत्र 2027-30 के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है. विश्वविद्यालय का मानना है कि इन कोर्सों की शुरुआत से क्षेत्र के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा.
मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज से होगी संबद्धता
बीएससी नर्सिंग कोर्स के संचालन के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को विश्वविद्यालय से संबद्ध करने की योजना बनाई गई है. वर्तमान में नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के अंतर्गत बीएससी नर्सिंग का कोई सरकारी कॉलेज नहीं है. ऐसे में मेडिकल कॉलेज की संबद्धता से छात्रों को बेहतर प्रायोगिक प्रशिक्षण और स्वास्थ्य क्षेत्र की आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा. इससे नर्सिंग शिक्षा की गुणवत्ता भी बढ़ेगी.
कम फीस में मिलेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन का लक्ष्य है कि छात्रों को निजी संस्थानों की तुलना में कम शुल्क पर बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराई जाए. प्रोफेशनल कोर्सों के लिए अत्याधुनिक लैब, अनुभवी शिक्षकों, प्लेसमेंट सेल और अन्य आधुनिक संसाधनों की व्यवस्था की जाएगी. इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को भी गुणवत्तापूर्ण प्रोफेशनल शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा.
100 बेड का महिला छात्रावास भी होगा तैयार
छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय परिसर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है. गणेश लाल अग्रवाल कॉलेज के पीछे 100 बेड का आधुनिक महिला छात्रावास तैयार किया जा रहा है. छात्रावास बनने से दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को सुरक्षित और बेहतर आवासीय सुविधा मिलेगी. विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इन नई पहलों से पलामू सहित आसपास के जिलों के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में नई संभावनाएं मिलेंगी.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें