![]()
पलामू में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों, चौक-चौराहों और संवेदनशील जगहों पर देर रात तक अड्डेबाजी करने वालों को निशाना बनाया गया। पुलिस टीमों ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर 100 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से देर रात तक खुलेआम जमावड़ा लगाने वालों में हड़कंप मच गया। पुलिस की टीमों ने खासतौर पर उन जगहों पर फोकस किया, जहां युवकों का देर रात तक जमावड़ा और संदिग्ध गतिविधियां सामने आती रही हैं। खुले में शराबखोरी करने वाले भी पकड़े गए अभियान के दौरान हिरासत में लिए गए लोगों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और कानून-व्यवस्था भंग करने वाले भी शामिल थे। सभी को संबंधित थानों में लाकर पूछताछ की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के बाद सभी को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। उन्हें साफ तौर पर बता दिया गया कि भविष्य में अड्डेबाजी, असामाजिक गतिविधियों या किसी भी तरह से शांति भंग करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोबारा ऐसी गतिविधियों में पकड़े जाने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जारी रहेगा अभियान पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने कहा कि देर रात होने वाली अड्डेबाजी अक्सर अपराधों की वजह बनती है। नशे की हालत में आपराधिक साजिशें तैयार होती हैं और मामूली विवाद भी मारपीट, फायरिंग या हत्या जैसी गंभीर घटनाओं में बदल जाते हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस का उद्देश्य केवल घटना के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध की संभावनाओं को पहले ही खत्म करना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा और खासतौर पर उन स्थानों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी, जहां देर रात जमावड़ा और खुलेआम शराबखोरी की शिकायतें मिलती रही हैं।
Source link