![]()
पलामू पुलिस ने पांकी थाना क्षेत्र के जिरो टोला बाधमरी में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब के निर्माण और बिक्री के अड्डे का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक बंद दुकान पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली अंग्रेजी शराब, स्प्रिट और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की। इस मामले में पांकी थाना में कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी को सूचना मिली थी कि जिरो टोला बाधमरी स्थित लाला सिंह की दुकान में अवैध अंग्रेजी शराब का निर्माण और उसकी खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लेस्लीगंज प्रशांत कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो दुकान बंद मिली। तलाशी के दौरान दुकान के अंदर से 13 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब, 250 लीटर स्प्रिट (पांच गैलन), विभिन्न ब्रांडों के शराब के रैपर, झारखंड सरकार के लोगो वाले 1,940 फर्जी स्टीकर, शराब को रंग देने के लिए इस्तेमाल होने वाला रासायनिक पदार्थ और 1,530 खाली शीशे की बोतलें बरामद हुईं। बरामद सभी सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, मौके से मिली सामग्री से यह स्पष्ट है कि यहां नकली अंग्रेजी शराब तैयार कर उसे असली ब्रांड की तरह पैक कर बाजार में खपाने की तैयारी की जा रही थी। छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार, पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, सअनि नवल किशोर दुबे, हवलदार राजेश बरवा, आरक्षी विकेश गोस्वामी, संतोष लाल और सुधीर कुमार शामिल थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
Source link