Last Updated:
Palamu Medical PG Courses To Start Soon: मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल पलामू में पीजी कोर्स शुरू करने की तैयारी चल रही है. जल्द ही यहां से यूजी के साथ ही मेडिकल के पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स भी किए जा सकेंगे. एनएमसी से मंजूरी अभी नहीं मिली है, नया 500 बेड का अस्पताल दिसंबर तक तैयार होने की उम्मीद है.
पलामू. अगर आप डॉक्टर बनने का सपना देख रहे हैं, तो अब पलामू भी मेडिकल शिक्षा के बड़े केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है. मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में एमबीबीएस की पढ़ाई पहले से संचालित हो रही है और अब यहां पोस्ट ग्रेजुएट यानी पीजी कोर्स शुरू करने की तैयारी भी तेज कर दी गई है. कॉलेज में हर वर्ष 100 छात्रों का नामांकन लिया जाता है और आधुनिक सुविधाओं के बीच मेडिकल शिक्षा दी जा रही है.
2019 से शुरू हुई एमबीबीएस की पढ़ाई
मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के प्राचार्य डॉ. जक्का श्रीनिवास राव ने बताया कि वर्ष 2019 से यहां एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू हुई थी. बीच में एक वर्ष का गैप जरूर हुआ, लेकिन इसके बाद लगातार शैक्षणिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं. वर्तमान में यहां 2021, 2022, 2023, 2024 और 2025 बैच के छात्र अध्ययनरत हैं. कॉलेज में हर साल 100 विद्यार्थियों का नामांकन किया जाता है.
छात्रों के लिए आधुनिक हॉस्टल सुविधा
कॉलेज परिसर में छात्रों के रहने के लिए आधुनिक हॉस्टल की सुविधा उपलब्ध है. लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग हॉस्टल बनाए गए हैं. कुल 8 मंजिला हॉस्टल में एक मंजिल पर लगभग 26 से 28 छात्रों के रहने की व्यवस्था है. प्रत्येक कमरे में दो बेड उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि छात्रों को बेहतर वातावरण मिल सके.
एमबीबीएस के साथ पारा मेडिकल की पढ़ाई
कॉलेज में अंडर ग्रेजुएट स्तर पर एमबीबीएस की पढ़ाई के साथ-साथ पारा मेडिकल कोर्स भी संचालित किए जा रहे हैं. इससे स्थानीय छात्रों को चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने का बेहतर अवसर मिल रहा है. मेडिकल शिक्षा के विस्तार के साथ संस्थान लगातार नई सुविधाएं जोड़ने में जुटा हुआ है.
अब शुरू होगी पीजी की पढ़ाई
मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ने इस वर्ष पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स के लिए भी आवेदन किया है. इसके तहत एनाटॉमी, बायोकेमिस्ट्री, पैथोलॉजी और आई विभाग समेत 5 विभागों में पीजी कोर्स शुरू करने की तैयारी की गई है. प्रस्ताव को नेशनल मेडिकल कमीशन यानी एनएमसी के पास भेजा गया है. स्वीकृति मिलने के बाद यहां स्नातकोत्तर स्तर की पढ़ाई शुरू हो जाएगी.
500 बेड वाले अस्पताल की तैयारी
कॉलेज प्रशासन स्किल लैब स्थापित करने की दिशा में भी काम कर रहा है. वहीं नए अस्पताल भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. निर्माण पूरा होने के बाद इसे कॉलेज को सौंप दिया जाएगा. उम्मीद जताई जा रही है कि दिसंबर के अंत तक अस्पताल की सुविधा शुरू हो जाएगी. नए अस्पताल में 500 बेड की क्षमता होगी. फिलहाल सदर अस्पताल को अपग्रेड कर मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के रूप में संचालित किया जा रहा है, जहां वर्तमान में 400 बेड की सुविधा उपलब्ध है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें