![]()
पलामू पुलिस ने 256 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गढ़वा जिले के सोनपुरवा निवासी चिन्टु कुमार कहार उर्फ राजा (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 10 हजार रुपए नकद, चार मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल कार जब्त की है। एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि बुधवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गढ़वा की ओर से सफेद कार में मादक पदार्थ लेकर बेचने आ रहे हैं। पुलिस ने पीछा करके पकड़ा चैनपुर पुलिस ने एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में शाहपुर-गढ़वा मुख्य मार्ग पर किनी पेट्रोल पंप के पास वाहनों की जांच शुरू की। गढ़वा की ओर से आ रही संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक रफ्तार बढ़ाकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो चालक मुख्य सड़क छोड़कर सुकरी रोड की ओर मुड़ गया। पुलिस टीम ने सुकरी बस्ती में पहुंचने से पहले कार रोक ली। कार से तीन लोग उतरे। इनमें से दो अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए, जबकि पुलिस ने एक को पकड़ लिया। तलाशी में आरोपी के पास से तीन पैकेट में रखा ब्राउन शुगर मिला। इस मामले में चैनपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस फरार दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।
Source link