![]()
गेतलसूद मेगा फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट से अगले सप्ताह बिजली उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है। पहले चरण में 50 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जाएगा। इसके लिए प्लांट के स्विच यार्ड की 132 केवी डबल सर्किट गेतलसूद-इरबा ट्रांसमिशन लाइन और जलाशय क्षेत्र में बिछाई गई 33 केवी केबल को शनिवार रात चार्ज कर दिया गया है। इससे अगले सप्ताह बिजली उत्पादन का रास्ता साफ हो गया है। फिलहाल डैम के भीतर निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।
करीब 500 करोड़ रुपए की लागत से एलएंडटी के सहयोग से 100 मेगावाट क्षमता का यह फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट बनाया जा रहा है। गेतलसूद जलाशय के कुल 2000 हेक्टेयर जलक्षेत्र में से 172 हेक्टेयर में इसका निर्माण हो रहा है। सेकी के इंजीनियर नवीन उरांव ने बताया कि ट्रांसमिशन लाइन और केबल चार्ज होने के बाद अगले सप्ताह से बिजली उत्पादन शुरू करने की तैयारी पूरी हो गई है। एलएंडटी के एस. सर्वानन ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कंपनी अगले पांच वर्षों तक प्लांट का रखरखाव करेगी।
Source link