भास्कर न्यूज | सरायकेला/खरसावां नो मैपिंग श्रेणी में शामिल प्रत्येक मतदाता से संपर्क करें। उसका कारण जानें। दस्तावेजों के आधार पर नियमानुसार सत्यापन करें। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो। यह निर्देश गुरुवार को कोल्हान आयुक्त सह रोल ऑब्जर्वर रवि रंजन कुमार विक्रम ने एसआईआर-2026 के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की सुपर चेकिंग के दौरान अधिकारियों एवं बीएलओ को दिया। आयुक्त ने सरायकेला विधानसभा क्षेत्र संख्या 51 और खरसावां विधानसभा क्षेत्र संख्या 57 के विभिन्न मतदान केंद्रों में पहुंचकर पुनरीक्षण कार्यों का स्थलीय सत्यापन किया। इस दौरान उन्होंने नो मैपिंग श्रेणी के मतदाताओं तथा फॉर्म-6 के माध्यम से नाम दर्ज कराने वाले नए मतदाताओं के घर जाकर उनसे सीधा संवाद किया। उन्होंने नो मैपिंग में नाम शामिल होने के कारणों, पुराने मतदाता विवरण, तथा संबंधित दस्तावेजों की जानकारी ली। वहीं, नए मतदाताओं के आवेदन तथा पंजीकरण प्रक्रिया का भी सत्यापन किया। उन्होंने संबंधित निर्वाचन पदाधिकारियों तथा बीएलओ को निर्देश दिया कि नो मैपिंग, फॉर्म-6, तथा अन्य लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन करें। सत्यापन के लिए लंबित मामलों को प्राथमिकता दें। प्रत्येक मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करें। इस दौरान नए मतदाताओं को चुनावी पाठशाला के माध्यम से मतदान के महत्व तथा पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी गई। आयुक्त ने आम नागरिकों से पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करने तथा आवश्यक दस्तावेज बीएलओ को उपलब्ध कराने की अपील की। मौके पर डीडीसी रीना हांसदा, एसपी मनोज सर्वांगियारी, एडीसी जयवर्धन कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह सहित संबंधित एईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ उपस्थित थे।
Source link