गुमला| पालकोट थाना क्षेत्र के पम्पापुर कॉलेज मोड़ के समीप बुधवार शाम एक मोटरसाइकिल और बोलेरो वाहन के बीच हुई सीधी भिड़ंत में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए पालकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां अस्पताल की व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली। प्राप्त जानकारी के अनुसार पोजेगा गांव निवासी प्रवीण सिंह 22 वर्ष पिता प्रभु सिंह व बीरेंद्र कुल्लू 23 वर्ष पिता एतवा कुल्लू, मोटरसाइकिल से पोजेगा से पालकोट की ओर आ रहे थे। इसी दौरान पम्पापुर कॉलेज मोड़ के समीप सामने से आ रही बोलेरो से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक हवा में उछलकर सड़क के दूसरी ओर जा गिरे। हादसे में दोनों को सिर, हाथ-पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार दोनों लोग शराब के नशे में धुत थे, बाइक के लापरवाही के कारण घटना घटी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एक निजी वाहन के माध्यम से पालकोट अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल तक जाने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति के कारण वाहन सीधे अस्पताल परिसर तक नहीं पहुंच सका। बताया जाता है कि सड़क की जगह कीचड़ और गीली मिट्टी होने के कारण घायलों को कुछ समय तक बीच रास्ते में सड़क किनारे गीली मिटी में ही रखना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों घायल दर्द से तड़पते रहे और काफी देर बाद एक वार्ड बॉय स्ट्रेचर लेकर पहुंचा, जिसके बाद उन्हें अस्पताल के भीतर ले जाया गया। घायलों के परिजन और स्थानीय लोगों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि अस्पताल में दुर्घटना जैसी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। लोगों का कहना है कि अस्पताल में उस समय कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था और न ही तत्काल मरीजों को रेफर करने के लिए एम्बुलेंस उपलब्ध थी।
Source link