![]()
भास्कर न्यूज | चित्तरंजन चित्तरंजन के देशबंधु महाविद्यालय परिसर में गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का स्थापना दिवस हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। महाविद्यालय में यह पहला अवसर था जब इस संगठन का स्थापना दिवस इतने व्यापक स्तर पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम ने महाविद्यालय में छात्र राजनीति और वैचारिक गतिविधियों के एक नए अध्याय की शुरुआत का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण और ध्वजारोहण के साथ हुई। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ चित्तरंजन शाखा के प्रभारी प्रणव सिन्हा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित न रहे। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों पर चर्चा करते हुए छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण और सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्र हितों में एबीवीपी की भूमिका पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में वर्तमान विद्यार्थियों के साथ बड़ी संख्या में पूर्व छात्र भी शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान परिसर देशभक्ति के नारों और गीतों से गूंजता रहा। सुभाजीत द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने उपस्थित जनसमूह में नई ऊर्जा का संचार कर दिया। कार्यक्रम का संचालन शिवा दास ने किया। इस दौरान आरएसएस कार्यकर्ता विभास हालदार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
Source link