गुमला|गुमला–रांची मार्ग पर 6 जून 2026 से लागू नई बस किराया सूची में बढ़ोतरी को लेकर नागरिकों ने अनुमंडल पदाधिकारी, गुमला को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में किराया सूची की निष्पक्ष समीक्षा और आवश्यक संशोधन की मांग की गई है। नागरिकों का कहना है कि इस मार्ग पर रोजाना हजारों लोग यात्रा करते हैं। नई दरों से यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। ज्ञापन के अनुसार नई सूची में गुमला–रांची का किराया 150 रुपये से बढ़ाकर 180 रुपए तय किया गया है। यात्रियों का दावा है कि इस मार्ग पर पहले वास्तविक किराया 140 रुपये प्रचलित था। उनका कहना है कि बस एसोसिएशन ने पूर्व किराया 140 की जगह 150 रुपये दिखाकर बढ़ोतरी को आधार दिया। नागरिकों ने समान मानकों के आधार पर किराया 160 रुपये तय करने को अधिक उचित बताया है। ज्ञापन में अन्य मार्गों के किराये का भी हवाला दिया गया है। गुमला-खूंटी और गुमला–मनोरा मार्ग पर किराया 140 से 160 रुपए किया गया है। गुमला से चंदवा, महुवादांड और रेंगारी जैसे मार्गों पर 150 रुपए के पुराने किराए को बढ़ाकर लगभग 170 रुपए किया गया है। इसके मुकाबले रांची-गुमला मार्ग पर 40 रुपए की सीधी बढ़ोतरी कर 28.57 प्रतिशत वृद्धि बताई गई है। नागरिकों के अनुसार यह बढ़ोतरी अधिकांश अन्य मार्गों से अधिक है। किराया सूची के विश्लेषण का हवाला देते हुए कहा गया है कि ज्यादातर मार्गों पर वृद्धि 15 से 17 प्रतिशत के बीच है। कुछ मार्गों पर इससे कम बढ़ोतरी हुई है। वहीं कुछ मार्गों पर 20 प्रतिशत से अधिक वृद्धि दर्ज की गई है।
Source link