![]()
भास्कर न्यूज | जामताड़ा झारखंड शिक्षा परियोजना, जामताड़ा के तत्वावधान में गुरुवार को जिला आउटडोर स्टेडियम में दो दिवसीय 65वीं सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। उपायुक्त आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह एवं उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। इसके बाद विद्यालय की बैंड पार्टी के नेतृत्व में जिले के सभी प्रखंडों से पहुंचे खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट कर अतिथियों का अभिवादन किया। उद्घाटन के बाद खिलाड़ियों को खेल शपथ दिलाई गई तथा राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ हुआ। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और टॉस के बाद किक मारकर पहले मुकाबले की शुरुआत कराई। उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और टीम वर्क ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने खिलाड़ियों से जीत-हार की चिंता किए बिना खेल भावना के साथ मैदान में उतरने तथा अपने विद्यालय, प्रखंड और जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और बेहतर तैयारी से ही खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। उद्घाटन समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति, एपीओ, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।प्रतियोगिता में जिले के सभी प्रखंडों की अंडर-15 बालक, अंडर-17 बालक तथा अंडर-17 बालिका वर्ग की टीमें भाग ले रही हैं। दो दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों के रोमांचक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज छोटे-छोटे देश भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ निरंतर आगे बढ़ने की अपील की और कहा कि खेल व्यक्तित्व निर्माण के साथ-साथ बेहतर भविष्य का भी माध्यम है।
Source link