![]()
पहली घटना, रात 12.30 बजे : एनके कंस्ट्रक्शन के बिल्डर निशित केसरी के घर में चोरी की कोशिश हुई, दूसरी, 2.30 बजे: त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन के मालिक अखिलेश पांडेय के घर चोर घुसे, गहने-नगद चुराए राजधानी की पॉश कॉलोनी अशोकनगर में बुधवार देर रात अपराधियों ने एक ही रात दो बड़ी वारदातों को अंजाम दिया। दोनों घटनास्थल अरगोड़ा थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर हैं। पहली घटना रात करीब 12.30 से करीब 2.25 बजे के बीच रोड नंबर-5बी स्थित एनके कंस्ट्रक्शन के बिल्डर निशित केसरी के घर में हुई, जहां चोरी की कोशिश के दौरान हुई फायरिंग में उनके सरकारी बॉडीगार्ड मुखदेव पासवान घायल हो गए। इस घटना के कुछ देर बाद रात करीब 2.30 बजे रोड नंबर-4बी स्थित त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन के बिल्डर अखिलेश पांडेय के घर में चोरी की वारदात हुई। उस समय अखिलेश पांडेय रांची से बाहर थे। उनके भाई गजेंद्र पांडेय ने बताया कि चोरी का आकलन किया जा रहा है। अनुमान है करोड़ों रुपए की संपत्ति चोरी हुई है। इसमें लाखों रुपए के सोने-चांदी के गहने भी शामिल हैं। गुरुवार शाम परिवार ने चोरी से संबंधित विस्तृत जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराई। पुलिस ने दोनों घटनाओं से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। रेकी की आशंका जानकारी के अनुसार चोर पीछे की बाउंड्री फांदकर घर में घुसा और पिलर के सहारे ऊपर पहुंचा। जिस तरीके से उसने वारदात को अंजाम दिया, उससे आशंका है कि उसने पहले घर की रेकी की थी। उसे यह भी पता था कि कीमती सामान किस कमरे में रखा है। सीसीटीवी कैमरों से बचने की कोशिश के बावजूद उसकी कई तस्वीरें कैद हुई हैं। फुटेज में वह काले कपड़े और मंकी कैप पहने दिखाई दे रहा है। परिवार का कहना है कि संभव है उसने किसी स्प्रे का इस्तेमाल किया हो, ताकि घर के लोग सोए रहें। चोर करीब काफी देर घर में रहा। बड़े बेटे के शादी की चल रही तैयारी: घर में बड़े बेटे आशु पांडेय की शादी की तैयारियां चल रही थीं। अप्रैल में उनकी रिंग सेरेमनी हुई थी और जल्द शादी होनी थी। इसी कारण घर में जेवर और नकदी रखी थी। घर में पेंटिंग, प्लंबिंग समेत कई काम चल रहे थे और करीब 20 लोग काम कर रहे थे। वारदात के समय पूरा परिवार घर में था। नीचे दो सुरक्षा गार्ड भी तैनात थे, लेकिन चोर सभी को चकमा देकर घर में घुसा और वारदात को अंजाम देकर निकल गया। निशित के घर फायरिंग में बॉडीगार्ड घायल
रोड नंबर-5बी स्थित बिल्डर निशित केसरी के घर में भी बुधवार की देर रात 12.30 से 2.25 बजे के बीच चोरी की कोशिश हुई। मरम्मत का काम होने के कारण घर के बाहर बांस लगा था। उसी के सहारे एक चोर छत पर पहुंचा और जिम के रास्ते कमरे में घुसा। उसने दरवाजे का लॉक तोड़ दिया। आवाज होने पर निशित केसरी की पत्नी ने मोबाइल पर सीसीटीवी कैमरे का फुटेज देखा। एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। उस समय उनके दो निजी और एक सरकारी बॉडीगार्ड घर में मौजूद नहीं थे। निशित केसरी ने पास के फ्लैट में मौजूद सरकारी बॉडीगार्ड मुखदेव पासवान को फोन किया। निशित ने भी लाइसेंसी हथियार से फायरिंग की। बॉडीगार्ड ने भी AK-47 से फायर किया। आरोप है कि दीवार के बाहर छिपे दूसरे चोर ने बॉडीगार्ड मुखदेव पर गोली चलाई, जो उनके पैर के अंगूठे को छूते हुए निकल गई। इसके बाद वे फरार हो गए। अरगोड़ा थाना से 200 मीटर दूर हुई घटना, पुलिस ने दो विशेष टीम बनाई
अशोकनगर में कई आईएएस, आईपीएस व वीआईपी के आवास हैं। यहां से अरगोड़ा थाना 200 मीटर दूर है। 24 घंटे सुरक्षा गार्ड रहते है।
Source link