बोकारो | बोकारो विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्वेता सिंह ने सोमवार को झारखंड विधानसभा में पिंड्राजोरा को प्रखंड का दर्जा देने की मांग प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि पिंड्राजोरा क्षेत्र के लोगों की यह लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण मांग है। क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, लगातार बढ़ती आबादी और प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए पिंड्राजोरा को प्रखंड का दर्जा दिया जाना जनहित में बेहद जरूरी है। विधायक ने विधानसभा में कहा कि वर्तमान व्यवस्था के कारण पिंड्राजोरा क्षेत्र के लोगों को विभिन्न प्रशासनिक कार्यों और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए दूसरे क्षेत्रों पर निर्भर रहना पड़ता है। प्रखंड का दर्जा मिलने के बाद लोगों को जाति, आय, आवास, पेंशन, प्रमाण पत्र, कल्याणकारी योजनाओं समेत अन्य सरकारी सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर ही आसानी से मिल सकेगा और ग्रामीणों का समय और पैसा दोनों बचेगा। उन्होंने कहा कि पिंड्राजोरा को प्रखंड बनाने से प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी और योजनाओं में भी तेजी आएगी।
Source link