![]()
भास्कर न्यूज | गिरिडीह शहर के पंच मंदिर के सामने स्थित सामन्ता गली में ठेला चालकों द्वारा अवैध रूप से ठेला खड़ा किए जाने से स्थानीय लोगों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गली में रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आने-जाने वाले लोगों को कठिनाई होती है।इस संकरी गली में दो मेडिकल एजेंसियां, एक रेस्ट हाउस, ब्लड जांच केंद्र, लॉन्ड्री, इलेक्ट्रिक स्टोर, फाइनेंस कंपनी तथा दो समाचार पत्रों के जिला कार्यालय स्थित हैं। इन प्रतिष्ठानों में सुबह से देर शाम तक लोगों की आवाजाही लगी रहती है। बावजूद इसके कुछ ठेला चालक अपनी गाड़ियां गली में खड़ी कर घर चले जाते हैं। इतना ही नहीं, रोज ठेला चालक गली कचरा भी फैला देते हैं, जिससे गली में गंदगी बढ़ रही है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि ठेला चालक सुबह फल और सब्जी बेचने के लिए निकलते हैं और दो-तीन घंटे बाद वापस आकर ठेले को गली में खड़ा कर देते हैं। इससे गली पूरी तरह संकरी हो जाती है और वाहनों तथा पैदल लोगों को निकलने में परेशानी होती है। दुकानदारों ने बताया कि कई बार मरीजों और ग्राहकों को भी जाम के कारण दिक्कत झेलनी पड़ती है।स्थानीय दुकानदारों ने नगर निगम से इस समस्या पर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। दुकानदारों का कहना है कि गली में अवैध रूप से ठेला खड़ा करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो समस्या और गंभीर हो सकती है।स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से गली को अतिक्रमण मुक्त कराने और ठेला चालकों के लिए अलग स्थान निर्धारित करने की मांग की है, ताकि लोगों को जाम और गंदगी की समस्या से राहत मिल सके।
Source link