Last Updated:
पहले बच्चों को पढ़ने-लिखने के लिए तमाम तरह की चीजों से समझौता करना पड़ता था. पढ़ने के लिए दूर जाना पड़ता था. अब अपने गांव-घर में रहकर बच्चे अच्छे से अच्छे टीचरों के जरिए ऑनलाइन पढ़ाई कर सकते हैं. टीचर का पढ़ाया हुआ समझ नहीं आने पर
कोडरमा: बचपन में आर्थिक तंगी और संसाधनों की कमी के कारण अपनी इच्छाओं को अधूरा छोड़ने वाले मॉडर्न पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल गुरु चरण वर्मा आज शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन काम कर रहे हैं. उन्होंने विद्यार्थियों के लिए मुफ्त डिजिटल लाइब्रेरी तैयार की है. जहां प्ले ग्रुप से लेकर कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई के साथ-साथ जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सामग्री निशुल्क उपलब्ध कराई गई है.
खुद अभाव में बिताया बचपन, दूसरों के बच्चों के लिए बनाई डिजिटल लाइब्रेरी
बातचीत में गुरु चरण वर्मा ने बताया कि उनका बचपन काफी अभावों में बीता. उनकी इच्छा इंजीनियर बनने की थी लेकिन, गरीबी और शैक्षणिक संसाधनों की कमी के कारण वे अपने इस सपने को पूरा नहीं कर सके. हालांकि, उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र को अपना कर्मक्षेत्र बनाया और आज एक शिक्षक और प्राचार्य के रूप में विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने का काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आने के बाद से उनका हमेशा प्रयास रहा कि आज के बच्चों को वे सभी सुविधाएं मिलें जो उन्हें अपने छात्र जीवन में नहीं मिल सकीं. इसी सोच के साथ उन्होंने डिजिटल लाइब्रेरी की शुरुआत की. इससे निजी विद्यालयों के साथ-साथ सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी लाभान्वित हो रहे हैं.
सभी वर्ग के बच्चों के लिए असाइनमेंट और सैंपल पेपर उपलब्ध
उन्होंने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी में प्ले ग्रुप से लेकर कक्षा 12वीं तक की पाठ्यपुस्तकें, नोट्स, असाइनमेंट, मॉडल टेस्ट पेपर, सैंपल पेपर और क्वेश्चन बैंक उपलब्ध हैं. इसके अलावा प्रत्येक अध्याय के अनुसार वस्तुनिष्ठ प्रश्न भी अपलोड किए गए हैं ताकि विद्यार्थी अपनी तैयारी को और बेहतर बना सकें. बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं के सीबीएसई सैंपल पेपर, मॉडल प्रश्न पत्र तथा पिछले पांच वर्षों के महत्वपूर्ण प्रश्न पत्र भी उपलब्ध कराए गए हैं. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए जेईई मेन्स, जेईई एडवांस और नीट से संबंधित अध्ययन सामग्री, असाइनमेंट तथा फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स और बायोलॉजी के सैकड़ों वस्तुनिष्ठ प्रश्न भी शामिल किए गए हैं.
क्यूआर कोड स्कैन करने पर डिजिटल लाइब्रेरी का कर सकेंगे उपयोग
उन्होंने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी केवल शैक्षणिक विषयों तक सीमित नहीं है. विद्यार्थियों की संचार क्षमता को मजबूत बनाने के लिए इसमें स्पोकन इंग्लिश, वन वर्ड सब्स्टीट्यूशन, शब्दावली विकास और विभिन्न भाषा आधारित अभ्यास सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है. उन्होंने बताया कि समय-समय पर बदलते सिलेबस और शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुसार डिजिटल लाइब्रेरी के कंटेंट को लगातार अपडेट किया जाएगा. इससे विद्यार्थियों को नवीनतम और उपयोगी अध्ययन सामग्री मिलेगी. इस डिजिटल लाइब्रेरी की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सरल पहुंच है. विद्यार्थी अपने मोबाइल फोन से केवल क्यूआर कोड स्कैन करके इसका उपयोग कर सकते हैं. स्कैन करते ही उनके सामने किताबों, प्रश्न पत्रों, असाइनमेंट और अध्ययन सामग्री का विशाल संग्रह खुल जाता है.
About the Author
जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…और पढ़ें