हत्या के एक मामले में महिला को मुकदमे का सामना करने के लिए समन जारी करना बांदा जिले के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट को भारी पड़ गया. सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को सीजेएम के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसके तहत पुलिस जांच में दोषमुक्त की गई महिला को दोबारा मुकदमे के लिए तलब किया गया था. शीर्ष अदालत ने आदेश को ‘शक्तियों का चौंकाने वाला इस्तेमाल’ बताते हुए कहा कि न्यायिक अधिकारी ने कानून में निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया. कोर्ट ने कहा कि मजिस्ट्रेट का यह आदेश, जिसमें केवल दर्जनों फैसलों का हवाला दिया गया है और जांच में खामियां निकाली गई हैं, ‘यह साफ तौर पर शक्तियों का बेजा इस्तेमाल’ है.
सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की बेंच ने कहा कि मजिस्ट्रेट ने संज्ञान लेने के लिए 70 पन्नों का आदेश लिखा और उसमें दर्जनों फैसलों का हवाला देते हुए पुलिस जांच की कमियां गिनाईं. अदालत के मुताबिक, यह तरीका कानून के अनुरूप नहीं था और न्यायिक समय की पूरी तरह बर्बादी थी.
क्या है पूरा मामला?
यह मामला उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से जुड़ा है. 19 जून 2022 को प्रतिमा सिंह के बयान के आधार पर उनके भाई अभिषेक सिंह उर्फ मोहित की हत्या के आरोप में गौरव सिंह और उसकी पत्नी दीप्ति सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी. प्रतिमा ने आरोप लगाया था कि 18 जून 2022 को मोहित के साथ बहस के दौरान दीप्ति ने अपने पति गौरव को उकसाया. इसके बाद गौरव और दीप्ति ने डंडों से, जबकि एक अज्ञात व्यक्ति ने फावड़े से मोहित पर हमला किया. घायल मोहित की इलाज के दौरान मौत हो गई.
अगस्त 2022 में मामले की जांच महोबा की क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई. जांच के बाद पुलिस ने दीप्ति सिंह को दोषमुक्त कर दिया और आरोपपत्र में केवल गौरव सिंह को आरोपी बनाया.
हालांकि, पुलिस जांच में दीप्ति को दोषमुक्त किए जाने के करीब 12 महीने बाद मृतक की बहन और शिकायतकर्ता प्रतिमा सिंह ने विरोध याचिका दाखिल की. इसके बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) ने दीप्ति और उनके पति को हत्या और आपराधिक साजिश समेत विभिन्न आरोपों में मुकदमे का सामना करने के लिए समन जारी कर दिया.
सुप्रीम कोर्ट ने आदेश को बताया ‘शक्तियों का बेजा इस्तेमाल’
दीप्ति सिंह ने मजिस्ट्रेट के आदेश को चुनौती दी थी. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने फरवरी 2026 में उनकी याचिका खारिज कर दी थी. इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया.
सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि मजिस्ट्रेट ने ऐसी प्रक्रिया अपनाई, जिसका दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) में कोई प्रावधान नहीं है. अदालत के मुताबिक, सीजेएम ने पुलिस रिपोर्ट और विरोध याचिका पर कानून के अनुसार विचार करने के बजाय जांच में कमियां निकालने और पुलिस तथा अदालत के कर्तव्यों पर लंबा लेख लिखने का रास्ता चुना.
बेंच ने कहा कि मजिस्ट्रेट के आदेश में जांच अधिकारी के दर्ज किए गए गवाहों के बयान, विशेषज्ञों की राय और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का विस्तार से उल्लेख किया गया था. लेकिन केवल जांच में खामियां निकालना किसी ऐसी शिकायत पर संज्ञान लेने का आधार नहीं हो सकता, जिसमें आगे मुकदमा चलाने के लिए पर्याप्त सबूत न हों.
अदालत ने कहा, ‘हमारी राय में सीजेएम का संज्ञान लेने संबंधी आदेश शक्तियों का चौंकाने वाला इस्तेमाल है.’
याचिका पर संज्ञान लेने से पहले क्या देखना जरूरी?
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि मजिस्ट्रेट को पहले यह तय करना था कि पुलिस रिपोर्ट स्वीकार की जाए या नहीं और फिर विरोध याचिका पर विचार करना था. लेकिन सीजेएम ने कानूनी प्रक्रिया का पालन किए बिना दीप्ति और उनके पति को समन जारी कर दिया.
पीठ ने यह भी कहा कि मजिस्ट्रेट ने यह जांचने की तसल्ली नहीं की कि विरोध याचिका सीआरपीसी की धारा 2(डी) के तहत शिकायत के लिए निर्धारित शर्तों को पूरा करती है या नहीं.
अदालत ने स्पष्ट किया कि ‘संज्ञान’ शब्द को सीआरपीसी या भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) में परिभाषित नहीं किया गया है. न्यायिक व्याख्या के अनुसार, इसका सामान्य अर्थ किसी अपराध के संदेह से जुड़े तथ्यों पर अदालत की ओर से न्यायिक रूप से विचार करना है.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सीजेएम ने संज्ञान लेने और समन जारी करने में गंभीर गलती की. इसी आधार पर शीर्ष अदालत ने मजिस्ट्रेट के आदेश को रद्द कर दिया.
इस फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने यह स्पष्ट किया कि पुलिस जांच में कथित खामियों को आधार बनाकर किसी व्यक्ति को मुकदमे का सामना करने के लिए बुलाने से पहले मजिस्ट्रेट को कानून में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होगा.