![]()
बोकारो एयरपोर्ट को शुरू करने की प्रशासनिक कवायद के बीच शनिवार सुबह सेक्टर-12 थाना क्षेत्र में भारी बवाल हो गया। एयरपोर्ट की बाउंड्री से सटे सेक्टर-12ए काली मंदिर के पास खाली जमीन पर दोबारा अतिक्रमण कर रहे लोगों को जब बीएसएल के सिक्योरिटी विभाग की टीम रोकने पहुंची, तो उन पर हमला कर दिया गया। उग्र भीड़ ने अधिकारियों और होमगार्ड के जवानों पर अंधाधुंध पथराव किया, जिसमें तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं और दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिक्योरिटी विभाग की टीम तीन गाड़ियों में सवार होकर अतिक्रमण रोकने पहुंची थी। जैसे ही टीम ने झोपड़ियों को हटाने का निर्देश दिया, दर्जनों की संख्या में महिला-पुरुष पत्थर बरसाते हुए उनकी ओर दौड़े। अचानक हुए इस हमले से वहां भगदड़ मच गई। टीम के सदस्य जान बचाकर मौके से भागे, लेकिन होमगार्ड के जवान अकरम अंसारी और बबलू कुमार पत्थरों की चपेट में आने से बुरी तरह लहूलुहान हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-12 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। दोनों घायलों को तत्काल बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पथराव में घायल होमगार्ड जवानों ने अस्पताल के बेड से हमले की खौफनाक मंजर बयां की है। बीजीएच में इलाजरत अकरम अंसारी ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 11 बजे जब टीम तीन वाहनों से सेक्टर-12ए पहुंची, तो शुरुआत में केवल बहस हो रही थी। लेकिन देखते ही देखते दर्जनों महिलाएं ईंट और पत्थर लेकर आगे आ गईं। दूसरे घायल जवान बबलू कुमार ने बताया िक रणनीति के तहत पहले महिलाओं को आगे कर शोर मचाया गया। कुछ ही मिनटों में चारों तरफ से बड़े-बड़े पत्थर चलने लगे। सुरक्षा कर्मियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। बता दें कि बोकारो एयरपोर्ट बाउंड्री से सटे इलाके में अतिक्रमण हटाने का अभियान नया नहीं है। वर्ष 2021 के बाद से बीएसएल और जिला प्रशासन की ओर से कई चरणों में कार्रवाई की जा चुकी है। बच्चियों की आड़ में शुरू किया पथराव
Source link