Last Updated:
Palamu Agri News: पलामू जिले की महिला किसान कुंती देवी ने ग्राफ्टिंग तकनीक का उपयोग करके टमाटर की खेती शुरू की है. वह प्राकृतिक तरीके से जैविक खाद का इस्तेमाल कर रही हैं, जिससे पौधों की मजबूती और उत्पादन बेहतर होता है.
पलामू. आज के बदलते दौर में किसान अब पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीकों को भी अपना रहे हैं. खेती में नई तकनीक के इस्तेमाल से कम मेहनत में बेहतर उत्पादन और अधिक मुनाफा कमाने की कोशिश की जा रही है. इसी दिशा में पलामू जिले की महिला किसान भी आगे बढ़ रही हैं. चैनपुर प्रखंड के चेड़ाबार गांव की महिला किसान कुंती देवी ग्राफ्टिंग तकनीक से टमाटर की खेती कर रही हैं. खास बात यह है कि वह प्राकृतिक तरीके से जैविक खाद का इस्तेमाल करते हुए इस खेती को बढ़ावा दे रही हैं.
इस तकनीक से मिलती है बेहतर उपज
कुंती देवी ने लोकल18 को बताया कि पहले वह ग्राफ्टिंग तकनीक से खेती नहीं करती थीं. प्रशिक्षण मिलने के बाद उन्हें इस तकनीक की जानकारी मिली. प्रशिक्षण में बताया गया कि ग्राफ्टिंग के माध्यम से सब्जियों की खेती करने से पौधों की मजबूती बढ़ती है और उत्पादन भी बेहतर हो सकता है. इसके बाद उन्होंने अपने खेत में ग्राफ्टिंग टमाटर की खेती शुरू की है. इस तकनीक में बैंगन की जड़ और टमाटर के पौधे के ऊपरी हिस्से को जोड़कर पौधा तैयार किया जाता है. इससे पौधे की जड़ मजबूत रहती है और टमाटर का उत्पादन लिया जाता है.
कम मेहनत लगती है
कुंती देवी ने आगे बताया कि उन्होंने खेत में करीब 150 ग्राफ्टिंग टमाटर के पौधे लगाए हैं. पौधे करीब एक महीने पहले लगाए गए हैं और अब तेजी से तैयार हो रहे हैं. जल्द ही इनमें फल आने की उम्मीद है. उनका कहना है कि ग्राफ्टिंग तकनीक से खेती करने में ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती और इससे बेहतर लाभ मिलने की उम्मीद है.
प्राकृतिक खेती पर जोर
महिला किसान प्राकृतिक खेती पर भी जोर दे रही हैं. खेत में जैविक खाद का इस्तेमाल किया जा रहा है. साथ ही पौधों के आसपास मल्चिंग की गई है. इससे खेत में अनावश्यक घास कम निकलती है, मिट्टी में नमी बनी रहती है और फसल की देखभाल में लगने वाली मेहनत भी कम होती है. मल्चिंग से खेत की मिट्टी का संरक्षण भी होता है.
अन्य किसानों के लिए प्रेरणा
कुंती देवी ने कहा कि प्रशिक्षण के बाद उन्हें आधुनिक और प्राकृतिक खेती को लेकर नई जानकारी मिली है. अब वह ग्राफ्टिंग तकनीक से टमाटर की खेती कर बेहतर उत्पादन और आमदनी हासिल करने की उम्मीद कर रही हैं. उनकी यह पहल गांव की अन्य महिला किसानों के लिए भी आधुनिक तकनीक अपनाकर खेती को लाभकारी बनाने की प्रेरणा बन रही है.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…
और पढ़ें