![]()
बोकारो जिले के चास की गुजरात कॉलोनी स्थित जगदंबा जनरल स्टोर में रविवार सुबह करीब चार बजे आग लगने से लगभग 35 लाख रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की शुरुआती वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट बतायी जा रही है। सुबह दुकान से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गयी। स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकान में रखा ज्यादातर सामान जल चुका था। दुकान संचालक उमेश प्रसाद ने बताया कि रात के दौरान दुकान में आग लगी। इस घटना में करीब 35 लाख रुपये के सामान का नुकसान हुआ है। आग की भयावहता के कारण दुकान में रखे सामान को बचाने का मौका नहीं मिल सका। बिजली आपूर्ति बंद नहीं होने से बढ़ी परेशानी आग बुझाने के दौरान स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। लोगों का कहना था कि घटना की सूचना देने के बावजूद समय पर बिजली आपूर्ति बंद नहीं की गयी। इस दौरान बिजली के तारों और उपकरणों में विस्फोट होने लगे, जिससे आग बुझाने के काम में बाधा आयी। लोगों के अनुसार, बिजली आपूर्ति जारी रहने के कारण घटनास्थल पर मौजूद लोगों के लिए भी स्थिति जोखिम भरी हो गयी और कई लोग अंदर फंस गये। इसको लेकर स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखी गयी। मौके पर मौजूद बिजली मिस्त्री को भी लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। लोगों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते बिजली काट दी जाती, तो आग बुझाने के दौरान पैदा हुई परेशानी से बचा जा सकता था। घटना के बाद बिजली आपूर्ति तत्काल बंद करने की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका चास के प्रधान अग्निशमन पदाधिकारी गिरेंद्र राम ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दो अग्निशमन वाहनों के साथ टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। घटना में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। वहीं, बिजली विभाग की ओर से भी अपनी तरफ से हुई चूक स्वीकार किये जाने की बात सामने आयी है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाना बाकी है। इस घटना ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों के साथ-साथ आपात स्थिति में बिजली आपूर्ति तत्काल बंद करने की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिये हैं।
Source link