![]()
बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-6D स्थित आवास संख्या 2358 से 2366 तक के ब्लॉक में बुधवार को एक हादसा होते-होते टल गया। ब्लॉक की ऊपरी मंजिल तक जाने वाली सीढ़ी की लोहे की रेलिंग अचानक टूटकर नीचे गिर गई। इस घटना के बाद ऊपरी मंजिल पर रहने वाले दो परिवार, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं, वहीं फंस गए। सीढ़ियों का फर्श भी जर्जर होने के कारण उनका आवागमन जोखिम भरा हो गया है।आवासधारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि लगभग पांच वर्ष पहले भी ऐसी ही स्थिति बनी थी, तब बीएसएल प्रबंधन ने सीढ़ी और रेलिंग की मरम्मत कराई थी। हालांकि, अब पूरी संरचना फिर से जर्जर हो चुकी है। उन्होंने बताया कि घटना के समय वे अपने कमरे में थे और अचानक तेज आवाज सुनकर बाहर निकले तो देखा कि पूरी रेलिंग टूटकर नीचे गिर चुकी थी। गनीमत रही कि उस समय सीढ़ी पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। ऊपरी मंजिल पर फंसी आशा शर्मा ने जानकारी दी कि दो परिवारों के लगभग 10 से 12 लोग, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं, अभी भी ऊपर फंसे हुए हैं। सीढ़ी की खराब हालत के कारण नीचे उतरना सुरक्षित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के काफी देर बाद तक बीएसएल का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने बीएसएल प्रबंधन से क्षतिग्रस्त सीढ़ी और रेलिंग की तत्काल मरम्मत कराने, जर्जर आवासों का सर्वेक्षण कराने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।
Source link