भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

बोकारो शहर का मुख्य बाजार है ‘भूत बंगला’, कभी था सुनसान, अब...


बोकारो. बोकारो के फुसरो बाजार में एक ऐसी जगह है, जिसका नाम सुनते ही लोग एक बार जरूर चौंक जाते हैं. इस जगह का नाम है ‘भूत बंगला’. आज यह इलाका फुसरो के सबसे व्यस्त और चर्चित बाजारों में शामिल है. यहां दिनभर लोगों की चहल-पहल रहती है और बाजार में दुकानें, बैंक और मॉल तक मौजूद हैं, लेकिन एक समय ऐसा भी था, जब यहां दूर-दूर तक सन्नाटा पसरा रहता था और इस पूरे इलाके में महज एक मकान हुआ करता था, जिसे लेकर कई कहानियां थीं. ऐसे में आइए जानते हैं स्थानीय लोगों से इस अनोखे नाम के पीछे की कहानी.

एक मकान और सुनसान इलाके से जुड़ी है कहानी
स्थानीय निवासी शामू मिस्त्री बताते हैं कि पुराने समय में इस इलाके में आबादी नहीं के बराबर थी. मंदिर के ठीक पीछे यहां बीच में एक मकान बना हुआ था, जबकि आसपास कोई दूसरा घर नहीं था और पूरा इलाका सुनसान रहता था. बुजुर्गों के द्वारा बताया जाता है कि अभिद नाम के व्यक्ति ने इस मकान में रहने की कोशिश की थी और रात में सोने के दौरान किसी ने उसे थप्पड़ जड़ दिया था, जिसके बाद लोगों के बीच यह चर्चा फैल गई कि मकान में भूत रहता है और धीरे-धीरे लोग इस जगह को भूत बंगला कहने लगे.

शामू मिस्त्री के अनुसार, बाद में अभिद सिंह ने वह मकान छोड़ दिया और अपना अलग मकान बना लिया. इसके बाद वर्ष 1972 में कृष्ण मुरारी पांडेय ने उस मकान को खरीद लिया. हालांकि, भूत होने की चर्चा के पीछे कोई प्रमाण नहीं था और समय के साथ यहां आबादी बढ़ी और पूरा इलाका बाजार में तब्दील हो गया.

50-60 साल पहले ऐसा दिखता था इलाका
स्थानीय दुकानदार जगदीश ठाकुर बताते हैं कि करीब 50-60 साल पहले यह इलाका पूरी तरह सुनसान हुआ करता था. उस समय मंदिर के सामने यहां एक दो मंजिला मकान बना हुआ था और उसके बगल में एक कुआं भी था. आसपास कोई खास आबादी नहीं थी. इसी वीरान माहौल के कारण लोगों ने इस जगह को भूत बंगला कहना शुरू कर दिया.

जगदीश ठाकुर बताते हैं कि उन्होंने कभी किसी व्यक्ति से यहां भूत देखने या किसी असामान्य घटना की जानकारी नहीं सुनी. उनके मुताबिक, उस समय किसी मकान में लोगों का नहीं रहना और आसपास सन्नाटा पसरा रहना ही इस नाम की वजह बना. आज भी लोग इस पूरे इलाके को भूत बंगला के नाम से ही जानते हैं.

आज फुसरो का प्रमुख बाजार बन चुका है भूत बंगला
स्थानीय निवासी सोहेल खान बताते हैं कि उनके पूर्वज भी इस जगह को भूत बंगला के नाम से ही जानते थे. हालांकि, आज यहां की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है. यह फुसरो का प्रमुख बाजार बन गया है. यहां आधुनिक दुकानें, बैंक, टेलरिंग दुकान, गैरेज और मॉल मौजूद हैं. दिनभर लोगों की आवाजाही लगी रहती है.

सोहेल खान के मुताबिक, इस जगह का नाम सुनकर बाहर के लोग अक्सर हैरान हो जाते हैं और सोचते हैं कि आखिर किसी बाजार का नाम भूत बंगला क्यों रखा गया, लेकिन यहां आने के बाद उन्हें पता चलता है कि यह कोई डरावनी जगह नहीं, बल्कि फुसरो का एक खूबसूरत और व्यावसायिक इलाका है.

नाम में डर, लेकिन पहचान कारोबार की
कभी सुनसान रहने वाले फुसरो के इस इलाके ने समय के साथ विकास की नई पहचान बनाई है. आज यहां दिन-रात चहल-पहल रहती है और लोग बेझिझक खरीदारी करने पहुंचते हैं. भूत बंगला नाम के पीछे स्थानीय लोगों की पुरानी मान्यताएं और सुनसान मकान से जुड़ी कहानी जरूर है, लेकिन आज यह जगह फुसरो के प्रमुख बाजारों में अपनी पहचान बना चुकी है.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top