Last Updated:
Palamu Best Areas For Fitness And Entertainment: पलामू में कई ऐसी जगहें हैं जहां लोग सुबह-शाम सैर करने, योग मेडिटेशन करने, परिवार के साथ समय बिताने और फिटनेस के लिए जाना पसंद करते हैं. कुल मिलाकर इन जगहों पर जाकर जीवन के तनावों से मुक्ति पाने की कोशिश की जाती है. यही वजह है कि बच्चे, युवा, बुजुर्ग ये सबका ठिकाना बनते हैं.
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में फिट रहना हर किसी की प्राथमिकता बन गई है. ऐसे में पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर स्थित कमिश्नर कार्यालय परिसर मॉर्निंग वॉक और वर्कआउट के लिए लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है. हर सुबह यहां बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सैर करने, दौड़ लगाने और योग करने पहुंचते हैं. यहां हरियाली, शांत वातावरण और स्वच्छ परिसर लोगों को मानसिक सुकून के साथ बेहतर स्वास्थ्य का एहसास कराता है. शहर के शोर-शराबे से दूर यह स्थान फिटनेस के साथ प्रकृति के करीब रहने का अवसर भी देता है. यही वजह है कि हर दिन यहां लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है और यह परिसर अब मेदिनीनगर का एक लोकप्रिय मॉर्निंग फिटनेस स्पॉट बन चुका है.
यह परिसर आज शहरवासियों के लिए ऐसा ही एक पसंदीदा हेल्थ स्पॉट बन चुका है. कई लोग पेड़ों की छांव में बैठकर योग, प्राणायाम और मेडिटेशन कर अपने तन और मन को स्वस्थ रखने का प्रयास करते हैं. पक्षियों की चहचहाहट, स्वच्छ वातावरण और शांति से भरपूर यह परिसर न केवल शरीर को फिट रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर सकारात्मक ऊर्जा का भी एहसास कराता है. इसका यही वजह है कि हर उम्र के लोगों के लिए यह जगह अब सेहत और सुकून का नया ठिकाना बनती जा रही है.
मेदिनीनगर स्थित पुलिस लाइन स्टेडियम हर सुबह युवाओं के जोश और सपनों से गुलजार रहता है. सूर्योदय से पहले ही बड़ी संख्या में युवा यहां दौड़, एक्सरसाइज और शारीरिक फिटनेस की प्रैक्टिस करने पहुंच जाते हैं. खासकर आर्मी, एयरफोर्स, सीआरपीएफ, बीएसएफ, झारखंड पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी अपनी शारीरिक क्षमता को बेहतर बनाने के लिए रोजाना यहां अभ्यास करते हैं. मैदान में दौड़ते कदम, कड़ी मेहनत और अनुशासन यह दिखाते हैं कि अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवा पूरे समर्पण के साथ जुटे हुए हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
बता दें कि मेदिनीनगर का पुलिस लाइन स्टेडियम सिर्फ भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए ही नहीं, बल्कि मॉर्निंग जॉगिंग और खेल गतिविधियों के लिए भी लोगों की पहली पसंद बन चुका है. सुबह होते ही यहां हर उम्र के लोग जॉगिंग और वॉक के लिए पहुंचते हैं. वहीं खिलाड़ी फुटबॉल, क्रिकेट और अन्य खेलों का सामान लेकर मैदान में अभ्यास करते नजर आते हैं. यहां ताज़ी हवा, विशाल मैदान और ऊर्जावान माहौल इस जगह को खेल और फिटनेस प्रेमियों के लिए खास बनाता है. यही वजह है कि हर सुबह पुलिस लाइन स्टेडियम में स्वास्थ्य, खेल और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिलता है.
दरअसल मेदिनीनगर का कोयल रिवर फ्रंट भी सुबह की सैर और सुकून के पल बिताने के लिए तेजी से लोगों की पसंद बन रहा है. यहां सूर्योदय के समय यहां बहती कोयल नदी की ठंडी हवा और प्राकृतिक नजारे लोगों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं. हर सुबह बड़ी संख्या में लोग वॉक, जॉगिंग और हल्की एक्सरसाइज के लिए यहां पहुंचते हैं, जबकि कई लोग नदी किनारे बैठकर मेडिटेशन कर प्रकृति के बीच मानसिक शांति का अनुभव करते हैं. शांत वातावरण, सुंदर रिवर फ्रंट और ताजी हवा के कारण यह स्थान अब फिटनेस के साथ-साथ परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने के लिए भी मेदिनीनगर की खास पहचान बन चुका है.
पलामू में जैसे ही शाम ढलती है, मेदिनीनगर का कोयल रिवर फ्रंट रंग-बिरंगी रौनक से जगमगा उठता है. डूबते सूरज का सुनहरा नजारा, नदी किनारे चलती ठंडी हवाएं और रोशनी से सजा पूरा परिसर किसी छोटे मेले का एहसास कराता है. यहां जगह-जगह लगे फूड स्टॉल लोगों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं, तो वहीं युवा और परिवार खुले आसमान के नीचे सैर करते, दोस्तों के साथ गप्पें लड़ाते और खूबसूरत शाम का आनंद लेते नजर आते हैं. बच्चों की चहल-पहल, सेल्फी लेते लोग और नदी किनारे का शांत माहौल इस जगह को सिर्फ एक रिवर फ्रंट नहीं, बल्कि मेदिनीनगर की शाम की सबसे पसंदीदा हैंगआउट डेस्टिनेशन बना देता है, जहां हर शाम यादगार बन जाती है.
पलामू में अगर आप दिन की शुरुआत योग और ध्यान के साथ करना चाहते हैं, तो पलामू के मेदिनीनगर शहर के आंबेडकर पार्क में इसकी भी बेहतरीन व्यवस्था है. हर सुबह पतंजलि योगपीठ की ओर से शहर के विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क योग कक्षाओं का आयोजन किया जाता है, जहां बड़ी संख्या में लोग नियमित रूप से योग, प्राणायाम और मेडिटेशन करते हैं. अनुभवी योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में होने वाला यह अभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर सकारात्मक सोच भी विकसित करता है. खुली हवा और शांत वातावरण में होने वाली ये योग कक्षाएं आज हर उम्र के लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं.
बता दें कि मेदिनीनगर का आंबेडकर पार्क सिर्फ मॉर्निंग वॉक या शाम की सैर के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार के साथ समय बिताने के लिए भी एक शानदार जगह बन चुका है. यहां बच्चों के मनोरंजन के लिए आकर्षक चिल्ड्रन्स पार्क बनाया गया है, वहीं विशाल पाथवे पर लोग आराम से टहल सकते हैं और जगह-जगह लगी बैठने की व्यवस्था पर प्रकृति का आनंद ले सकते हैं. शाम ढलते ही यहां का सबसे बड़ा आकर्षण वॉटर डांस शो लोगों को अपनी ओर खींचता है. रंग-बिरंगी रोशनी के साथ संगीत की धुन पर थिरकते फव्वारे बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी का मन मोह लेते हैं. यही वजह है कि हर शाम यहां मनोरंजन, सुकून और परिवार के साथ यादगार पल बिताने का पसंदीदा ठिकाना बन जाता है.
पलामू जिले के मेदिनीनगर का गांधी उद्यान पार्क सुबह की सैर और फिटनेस के शौकीनों के लिए सबसे पसंदीदा जगहों में से एक है. हर सुबह यहां बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग वॉक, हल्की दौड़ और व्यायाम के लिए पहुंचते हैं. पेड़ों की हरियाली, स्वच्छ वातावरण और शांत माहौल लोगों को दिन की शुरुआत नई ऊर्जा के साथ करने का अवसर देता है. इस पार्क की पगडंडियों पर टहलते लोग, खुली हवा में गहरी सांसें लेते बुजुर्ग और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक युवा इस स्थान को जीवंत बनाए रखते हैं. यही कारण है कि गांधी उद्यान पार्क आज मेदिनीनगर में फिटनेस, सुकून और प्रकृति के बीच कुछ सुकून भरे पल बिताने का एक बेहतरीन ठिकाना बन चुका है.
शाम के समय मेदिनीनगर का गांधी उद्यान पार्क बच्चों और परिवारों के लिए मनोरंजन का पसंदीदा केंद्र बन जाता है. मात्र 10 रुपये के प्रवेश शुल्क में लोग पार्क के खूबसूरत माहौल का आनंद ले सकते हैं. यहां बच्चों के लिए मिक्की माउस राइड, छोटी रेल, बंपर कार समेत कई आकर्षक झूले और मनोरंजन के साधन उपलब्ध हैं. वहीं बड़े लोग हरियाली के बीच टहलते हुए या बैठकर शाम की ठंडी हवा का आनंद लेते हैं.बच्चों की खिलखिलाहट, रंग-बिरंगे झूले और परिवारों की चहल-पहल से पूरा पार्क जीवंत नजर आता है.