भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

भीषण सड़क दुर्घटना में युवक की मौके पर मौत; एक युवती गंभीर...



भास्कर न्यूज | गांधीनगर बेरमो अनुमंडल में कोयला ट्रांसपोर्टिंग में लगे तेज रफ्तार हाइवा लोगों की जान के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। पिछले पांच दिनों में कोयला लदे हाइवा की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो चुकी है। बुधवार को गांधी नगर थाना क्षेत्र के वारि गांव के समीप अंबेडकर चौक से आगे हीरक रोड पर कोयला लदे हाइवा और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार चास निवासी 26 वर्षीय सागर कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठी चास निवासी पूजा कुमारी (20) गंभीर रूप से घायल हो गई। वह डॉक्टर धर्मवीर की पुत्री है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवती को सीसीएल केंद्रीय अस्पताल ढोरी पहुंचाया। यहां चिकित्सक ए. अहमद ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया जाता है कि इन दोनों का दिसंबर में शादी होना तय हुआ था। दोनों घूमने के लिए निकले हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे काले रंग की पल्सर बाइक बोकारो की ओर से हीरक रोड पर जा रही थी। इसी दौरान कथारा कोलियरी से कोयला लोड लेकर आ रहे हाइवा (जेएच 10बीजे/2328) से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चला रहे सागर कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठी पूजा सड़क किनारे लगे बैरिकेडिंग से बाहर पुल से जा टकराई और बेहोश हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही गांधी नगर थाना प्रभारी धनंजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन मुआवजे की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। सीटू के बेरमो अंचल कमेटी अध्यक्ष मनोज पासवान, आजसू के बीरू हरि और सामाजिक कार्यकर्ता बबलू यादव समेत सैकड़ों लोगों ने शव उठाने से रोक दिया। देर शाम मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। वे हाइवा मालिक को मौके पर बुलाने और उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे। समाचार लिखे जाने तक शव घटनास्थल पर ही रखा हुआ था। स्थिति को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। कोयला ट्रांसपोर्टिंग ठप, अन्य वाहनों को मिली छूट हादसे के बाद लोगों ने हीरक रोड पर कोयला ट्रांसपोर्टिंग रोक दी। हालांकि, आम लोगों की सुविधा को देखते हुए यात्री और अन्य सार्वजनिक वाहनों के आवागमन को बाधित नहीं किया गया। लोगों का आरोप है कि इस रोड पर रात तेज रफ्तार से हाइवा चलता है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top