![]()
पांच वर्षों में 2024 में सबसे अधिक 42.2 डिग्री पहुंचा था पारा, हर साल बारिश के बाद गर्मी कम हुई राजधानी रांची में पिछले चार दिनों से हो रही बारिश से अप्रैल की गर्मी उतरी। बारिश का असर है कि मई के पहले सप्ताह में तापमान कम रहेगा। पूरे मई माह का तापमान औसत 40 डिग्री से कम रहने की संभावना है। दूसरे और तीसरे सप्ताह में गर्मी का कुछ असर दिखेगा, लेकिन यह नया रिकॉर्ड नहीं बनाएगा। क्योंकि, पिछले पांच वर्षों के दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान वर्ष 2024 में 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस बार यह रिकॉर्ड ब्रेक होने की संभावना कम है। क्योंकि, पूरे माह के दौरान कई बार साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर दिखेगा। कई बार बारिश होने की संभावना है। सुबह और शाम में कई दिन बारिश होगी। दरअसल, पिछले पांच वर्षों के दौरान हर वर्ष बारिश हुई है। इस बार भी दूसरे और तीसरे सप्ताह में कई बार साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से बारिश होने की संभावना है। इस दौरान ओलावृष्टि भी हो सकती है। ऐसे में गर्मी सामान्य रहने की संभावना है। अगले 2 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके बाद अगले 3 दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। ऐसे समझें… कैसे मई राहत भरा रहा, 3 साल पहले सबसे कम बारिश नोट : पांच वर्षों में तीन वर्ष ऐसे रहे, जिनमें अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार नहीं गया। वहीं, चार वर्ष न्यूनतम तापमान 20 डिग्री को पार नहीं कर पाया। इसलिए इस वर्ष भी मई राहत भरा रहने की संभावना है। वहीं, सबसे अधिक बारिश वर्ष 2021 में 325.5 एमएम हुई थी। 27 मई 2021 को एक ही दिन में अचानक 151 एमएम बारिश दर्ज की गई थी। बंगाल की खाड़ी में बनी नमी से झारखंड में हो रही बारिश
झारखंड के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में बनी हुई नमी का असर झारखंड भी पहुंच रहा है। इससे थंडर स्टॉर्म के साथ बारिश हो रही है। इस वजह से अधिकतम तापमान में भी कमी आई है। अगले एक सप्ताह तक लो प्रेशर क्षेत्र बने रहने की संभावना है। इससे सुबह और दोपहर बाद बारिश हो सकती है। आगे क्या : अगले 5 दिन आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का यलो अलर्ट
3 मई को राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में गर्जन के साथ वज्रपात, 40 से 50 किमी की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। इस दौरान रांची सहित आसपास के क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
4 मई को रांची में एक या दो बार बारिश के साथ आंधी, ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इस दौरान 50 से 60 किमी की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
5 और 6 मई को भी राज्य के कई क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। कहीं-कहीं गरज के साथ वज्रपात, 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। यलो अलर्ट जारी किया गया है।
7 और 8 मई को भी राज्य के कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवा के झोंकों के साथ वज्रपात भी हो सकता है।
Source link