भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

मतदाता सूची त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करें राजनीतिक दल : संजय




भास्कर न्यूज|लोहरदगा लोहरदगा, विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित, शुद्ध व अद्यतन बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना के निर्देश पर आयोजित बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार व निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अमित कुमार उपस्थित थे। बैठक में जिले में अब तक हुए पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी दी गई। राजनीतिक दलों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की गई। बैठक में बताया गया कि लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र के ऐसे पात्र भारतीय नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें सूची में शामिल कराने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए प्रपत्र-6 ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन जमा कराने में सहयोग करने का आग्रह किया गया। बैठक में जानकारी दी गई कि आगामी 4 नवंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) की पांचवीं बैठक आयोजित की जाएगी। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया गया कि वे अपने-अपने बूथों के बीएलए-2 को इसकी जानकारी दें। बैठक में उनकी भागीदारी सुनिश्चित कराएं। इससे मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य अधिक प्रभावी व पारदर्शी तरीके से पूरा किया जा सकेगा। बैठक में समाज के कमजोर, वंचित और संवेदनशील वर्गों के पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष संपर्क अभियान चलाने की जानकारी दी गई। विशेष रूप से आदिम जनजातीय समूह (पीवीटीजी), दिव्यांगजन, बुजुर्ग, अनाथ, किन्नर व अन्य वंचित वर्गों के वैसे नागरिक, जिन्हें मतदाता पंजीकरण में परेशानी हो रही है, उनकी जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी कार्यालय अथवा संबंधित बूथ लेवल अधिकारी को उपलब्ध कराने की अपील की गई। इससे उन्हें आवश्यक सहायता दी जा सकेगी। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 व प्रपत्र-8 से संबंधित प्रगति की जानकारी दी गई। साथ ही मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने के लिए आपत्ति दर्ज कराने व मतदाता सूची की प्रविष्टियों में आवश्यक संशोधन कराने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। बैठक के अंत में उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार ने सभी राजनीतिक दलों से विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने और सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने में सभी की सकारात्मक भूमिका महत्वपूर्ण है। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि पशुपति नाथ पारस, प्रदीप विश्वकर्मा, मो. साहिद अहमद, बालमुकुंद लोहरा, दिलमुनि कुजूर सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े कर्मी उपस्थित थे।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top