![]()
देवघर जिले के मधुपुर शहर में बाइकर्स गैंग का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन राह चलते लोगों से मोबाइल, चेन और महिलाओं के गहने छीनने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला मधुपुर थाना क्षेत्र के कॉलेज रोड का है। जहां बाजार से लौट रहे एक दंपति को अपराधियों ने निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार, अंजली देवी (लगभग 30 वर्ष) अपने पति प्रवीण पंडित के साथ खरीदारी करने मधुपुर आई थीं। बाजार से सामान लेने के बाद दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कॉलेज रोड के पास पीछे से तेज रफ्तार में आए अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। चलती बाइक पर झपटमारी, महिला घायल प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित परिवार के अनुसार, अपराधियों ने बेहद शातिर तरीके से चलती बाइक के दौरान अंजली देवी के कान से सोने की बाली झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि दंपति कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे। झपटमारी के दौरान महिला के कान में हल्की चोट भी आई है, जिससे वह सहम गईं। परिजनों के मुताबिक छीनी गई सोने की बाली की कीमत करीब दस हजार रुपए आंकी जा रही है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस जांच में जुटी, लोगों ने बढ़ाई गश्ती की मांग घटना की सूचना मिलते ही मधुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। लगातार बढ़ रही इस तरह की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि शहर में बाइकर्स गैंग बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे आमजन असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से शहर में नियमित गश्ती बढ़ाने और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
Source link