Last Updated:
JTET 2026 Nagpuri Preparation: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जे टेट) 2026 में क्षेत्रीय भाषा नागपुरी चुनने वाले उम्मीदवार इस प्रकार तैयारी कर सकते हैं. इससे कम समय में भी बढ़िया अंक आने की संभावना बढ़ेगी. देखिए जरूरी किताबों की लिस्ट पैडागॉजी और सही रणनीति.
पलामू. झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जे टेट) 2026 को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह बढ़ गया है. वर्ष 2012 और 2016 के बाद एक बार फिर यह परीक्षा आयोजित होने जा रही है. ऐसे में प्रतियोगियों के पास बेहतर तैयारी कर सफलता हासिल करने का सुनहरा मौका है. खासकर वे अभ्यर्थी जिन्होंने क्षेत्रीय भाषा में नागपुरी का चयन किया है, उनके लिए सही रणनीति और विषय की गहरी समझ बेहद जरूरी हो जाती है. विशेषज्ञ श्वेता कुमारी ने बताया कि नागपुरी विषय जे टेट में सफलता दिलाने में अहम भूमिका निभा सकता है, बशर्ते तैयारी योजनाबद्ध तरीके से की जाए.
ऐसा है परीक्षा पैटर्न
जे टेट परीक्षा पैटर्न की बात करें तो पैडागॉजी 30 अंक, नागपुरी भाषा 30 अंक तथा हिंदी और अंग्रेजी 15-15 अंक के होते हैं. पहली से पांचवीं कक्षा तक के लिए पर्यावरण और गणित से प्रश्न पूछे जाते हैं, जबकि छठी से आठवीं के लिए सोशल साइंस, जियोग्राफी तथा साइंस विषय में फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स शामिल हैं. इस बार परीक्षा में 10 अंकों का कंप्यूटर साइंस भी जोड़ा गया है. इसलिए अभ्यर्थियों को हर विषय के लिए अलग रणनीति बनाकर पढ़ाई करनी होगी.
ये किताबें करेंगी मदद
नागपुरी विषय की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को सबसे पहले भाषा अध्याय और भाषा शिक्षण यानी पैडागॉजी पर विशेष ध्यान देना चाहिए. नागपुरी व्याकरण की मजबूत पकड़ सफलता की पहली सीढ़ी है. इसके लिए डॉ. शकुंतला मिश्र की ‘सदानी व्याकरण’ पुस्तक काफी उपयोगी मानी जाती है. वहीं नागपुरी लोक साहित्य को समझने के लिए डॉ. भुनेश्वर अनुज की पुस्तक तथा झारखंड की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि जानने के लिए डॉ. गिरधारी राम गौंझू की ‘झारखंड लोक संगीत’ पढ़ना लाभदायक होगा. इसके अलावा भाषा शिक्षण और शिक्षाशास्त्र की बेहतर समझ के लिए डॉ. हरिहर नाथ तिवारी की पुस्तक अभ्यर्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है.
सही रणनीति से मिलेगी सफलता
नई शिक्षा नीति 2020 में क्षेत्रीय और मातृभाषाओं को विशेष महत्व दिया गया है. ऐसे में नागपुरी भाषा का दायरा लगातार बढ़ रहा है. यदि अभ्यर्थी भाषा की मूल अवधारणाओं, व्याकरण, लोक साहित्य और पैडागॉजी को सही तरीके से समझकर नियमित अभ्यास करें, तो नागपुरी विषय में अच्छे अंक प्राप्त करना आसान हो सकता है. सही प्लानिंग, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए जे टेट 2026 सफलता का बड़ा अवसर साबित हो सकता है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें