Last Updated:
Bokaro Best Place To Visit In Monsoon: बोकारो का गवई बराज डैम मानसून में पर्यटकों के लिए घूमने की बेहतरीन जगह बन जाता है. दरअसल बारिश के बाद यहां की खूबसूरती अपने पूरे शबाब पर होती है. ओवरफ्लो गेट से गिरता पानी और हरियाली यहां का मुख्य आकर्षण हैं.
बोकारो. अगर आप मानसून के दौरान शहर की भागदौड़ से दूर प्रकृति की गोद में कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं, तो बोकारो जिले के चास प्रखंड स्थित गवई बराज डैम आ सकते हैं. यह एक बेहतरीन पर्यटन स्थल है, जहां बारिश के मौसम में प्राकृतिक खूबसूरती, हरियाली और शांत वातावरण पर्यटकों को खासा आकर्षित करता है.
मानसून शुरू होते ही गवई बराज डैम का नजारा पूरी तरह बदल जाता है. पानी से लबालब भरा जलाशय, चारों ओर फैली हरी-भरी वादियां इस जगह की खूबसूरती में चार चांद लगा देती हैं. यही वजह है कि लोग शहर की भागदौड़ और शोरगुल से दूर सुकून के कुछ पल बिताने के लिए यहां पहुंचते हैं.
सबसे बड़ा आकर्षण ओवरफ्लो गेट
इस पर्यटन स्थल का सबसे बड़ा आकर्षण डैम का ओवरफ्लो गेट है. बारिश के दौरान जब पानी गेट से तेज बहाव के साथ नीचे गिरता है, तो यह दृश्य किसी छोटे झरने से कम नहीं लगता. वहीं डैम से गिरते पानी की आवाज और हवा के साथ उड़ती पानी की ठंडी फुहारों का मनमोहक नजारा भी देखने को मिलता है. यही वजह है कि मानसून के दिनों में यहां बड़ी संख्या में लोग इस खूबसूरत नजारे का आनंद लेने पहुंचते हैं.
वहीं डैम के आसपास फैली हरियाली, खेतों से उठती भीगी मिट्टी की सोंधी खुशबू और पक्षियों की मधुर चहचहाहट इस जगह को प्रकृति प्रेमियों के लिए और भी खास बना देती है. पर्यटक यहां बैठकर सनराइज और सनसेट का खूबसूरत नजारा भी देख सकते हैं.
कैसे पहुंच सकते हैं यहां
गवई बराज डैम सिर्फ घूमने की जगह ही नहीं, बल्कि फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के शौकीनों के लिए भी पसंदीदा लोकेशन है. मानसून के दौरान यह रील्स के शौकीनों के बीच भी बहुत ही लोकप्रिय है. गवई बराज डैम में सिर्फ बोकारो ही नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल और आसपास के कई इलाकों से भी पर्यटक परिवार और दोस्तों के साथ यादगार पल बिताने के लिए आते हैं. यह डैम बोकारो जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और यहां पहुंचने के लिए आप बोकारो-पुरुलिया के चास मुख्य मार्ग से होते हुए पहुंच सकते हैं.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें