Last Updated:
Sapna Gupta Beauty Academy Koderma: मुंबई में पली-बढ़ी सपना गुप्ता ने शादी के बाद कोडरमा को अपनी कर्मभूमि बनाया. झुमरी तिलैया में ब्यूटी सैलून के साथ ब्यूटी एकेडमी की शुरुआत की. वह तीन महीने के प्रोफेशनल कोर्स के जरिए स्थानीय लड़कियों को मेकअप, हेयर स्टाइलिंग, स्किन केयर और ब्राइडल मेकअप का प्रशिक्षण दे रही हैं. बड़े शहरों की तुलना में कम फीस पर प्रशिक्षण और आईएसओ सर्टिफाइड प्रमाणपत्र देकर वह युवतियों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर दे रही हैं.
कोडरमा: कहते हैं कि अगर हौसले बुलंद हों, तो मंजिल कहीं भी बनाई जा सकती है. इस कहावत को मुंबई में पली-बढ़ी सपना गुप्ता ने सच कर दिखाया है. महानगर की चमक-दमक के बीच अपना करियर बनाने वाली सपना की शादी कोडरमा जिले के हीरोडीह गांव निवासी मुकेश कुमार से हुई. शादी के बाद वह अपने ससुराल आ गईं. नए माहौल और छोटे शहर में बसने के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को अधूरा नहीं छोड़ा. बल्कि उन्हें नई दिशा दी. सपना गुप्ता ने बताया कि मुंबई में काम करने के दौरान उनकी मुलाकात कोडरमा के मुकेश कुमार से हुई थी. दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे. बाद में दोनों ने अपने परिवारों को इस बारे में बताया. परिवारों की सहमति के बाद दोनों की शादी हुई. विवाह के बाद सपना ने कोडरमा को ही अपनी कर्मभूमि बनाने का फैसला किया.
ब्यूटी सैलून के साथ शुरू की ब्यूटी एकेडमी
झुमरी तिलैया में आकर सपना ने सबसे पहले अपना ब्यूटी सैलून शुरू किया. धीरे-धीरे उन्हें एहसास हुआ कि छोटे शहरों की कई युवतियां ब्यूटी इंडस्ट्री में अपना करियर बनाना चाहती हैं. लेकिन बेहतर प्रशिक्षण के लिए उन्हें बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है. इसी सोच के साथ उन्होंने ब्यूटी सैलून के अलावा एक ब्यूटी एकेडमी भी शुरू की. इसका उद्देश्य स्थानीय लड़कियों को कम खर्च में बेहतर प्रशिक्षण देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है.
तीन महीने के कोर्स में सिखाई जाती हैं आधुनिक तकनीकें
सपना गुप्ता ने बताया कि उनकी एकेडमी में तीन महीने का प्रोफेशनल ब्यूटी कोर्स कराया जाता है. इस कोर्स में बेसिक से लेकर एडवांस मेकअप, फेशियल और स्किन केयर, हेयर स्टाइलिंग, ब्राइडल मेकअप, हेयर स्पा और बेसिक हेयर कलरिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाता है. उन्होंने बताया कि यही कोर्स रांची, पटना और अन्य बड़े शहरों में करने के लिए 50 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये या उससे अधिक खर्च करना पड़ता है. जबकि झुमरी तिलैया में वह केवल 15 हजार रुपये की फीस में यह प्रशिक्षण उपलब्ध करा रही हैं. कोर्स पूरा होने के बाद प्रशिक्षुओं को आईएसओ सर्टिफाइड प्रमाणपत्र भी दिया जाता है.
बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने का है सपना
सपना गुप्ता का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल अपना व्यवसाय बढ़ाना नहीं है. वह छोटे शहरों की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना चाहती हैं. उनका मानना है कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद लड़कियां अपना ब्यूटी पार्लर शुरू कर सकती हैं. इसके अलावा वे बड़े शहरों में भी बेहतर रोजगार के अवसर हासिल कर सकती हैं. इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और वे अपने परिवार का सहारा भी बन सकेंगी.
परिवार के सहयोग से पूरा हुआ सपना
सपना ने बताया कि उनकी सफलता के पीछे उनके पति मुकेश कुमार और पूरे परिवार का महत्वपूर्ण योगदान है. परिवार ने हर कदम पर उनका साथ दिया. हमेशा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. इसी सहयोग की बदौलत वह अपने सपनों को साकार कर सकीं. उन्होंने कहा कि सपनों को पूरा करने के लिए सिर्फ बड़े शहर की जरूरत नहीं होती. जरूरत होती है बड़े इरादों और आत्मविश्वास की. मुंबई से कोडरमा तक का उनका सफर इसी बात का उदाहरण है. उनका मानना है कि अगर परिवार का साथ और खुद पर भरोसा हो, तो छोटे शहर में रहकर भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है. आज उनकी एकेडमी कई युवतियों के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता की नई राह खोल रही है.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…
और पढ़ें