Last Updated:
Rahul Gandhi vs Sambit Patra PC: लोकसभा से एंटी पेपर लीक संशोधन बिल 2026 पास हो गया है. इसके बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है. बीजेपी नेता संबित पात्रा ने कहा कि राहुल संसद में खुद को भी इडियट नहीं कह सकते. पात्रा ने अमित शाह के काफिले में 30 गाड़ियों वाले राहुल के दावे को भी झूठा बताया. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल हमेशा अपनी जेब में विक्टिम कार्ड लेकर चलते हैं. इसके साथ ही पात्रा ने कांग्रेस के पुराने इतिहास पर भी सवाल उठाए.
पेपर लीक बिल पर घमासान तेज, राहुल गांधी और संबित पात्रा की पीसी. (PTI Photos)
नई दिल्ली: मानसून सत्र के दौरान बुधवार को लोकसभा से एंटी पेपर लीक संशोधन बिल 2026 पास हो गया है. उससे पहले, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि विपक्ष इस गंभीर मुद्दे पर राजनीति कर रहा है. जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी की भाषा और उनके रवैये पर भी सवाल उठाए हैं. बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने राहुल गांधी के संसद में दिए गए बयानों को लेकर उन्हें बुरी तरह घेरा है. पात्रा ने कहा, ‘संसद के अंदर इडियट जैसे असंसदीय शब्दों का इस्तेमाल बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा’. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी खुद को भी इडियट नहीं कह सकते हैं. पात्रा ने गृह मंत्री अमित शाह के काफिले को लेकर किए गए राहुल के दावे को भी सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि राहुल गांधी खुद आकर गाड़ियों की गिनती कर लें. पात्रा ने राहुल के संसद में माइक बंद होने वाले दावे का भी जमकर मजाक उड़ाया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हमेशा अपनी जेब में विक्टिम कार्ड लेकर चलते हैं और झूठी सहानुभूति बटोरने की कोशिश करते हैं.
संबित पात्रा ने राहुल गांधी को याद दिलाया इतिहास
संबित पात्रा ने राहुल गांधी के उस दावे को पूरी तरह झूठा बताया जिसमें उन्होंने अमित शाह के काफिले में 30 गाड़ियां होने की बात कही थी. पात्रा ने राहुल को खुली चुनौती दी कि वह खुद आकर दिखाएं कि 30 गाड़ियां कहां थीं. पात्रा ने कहा, ‘जो व्यक्ति संसद में पांच मिनट शांति से नहीं बैठ सकता, वह बाहर खड़े होकर गाड़ियां कैसे गिन सकता है’. पात्रा ने साफ किया कि राहुल गांधी सिर्फ हवा-हवाई बातें करते हैं और सच्चाई से उनका कोई लेना-देना नहीं है.
संसद में राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि बोलते समय उनका माइक बंद कर दिया जाता है. संबित पात्रा ने इस दावे की भी पोल खोल दी. पात्रा ने बताया कि जब राहुल गांधी यह आरोप लगा रहे थे तब उनके माइक की रेड लाइट ऑन थी. रेड लाइट ऑन होने का सीधा मतलब है कि माइक पूरी तरह काम कर रहा था. पात्रा ने सवाल उठाया कि फिर माइक कैसे बंद हो सकता है. पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी की आदत हमेशा अपनी जेब में विक्टिम कार्ड रखने की हो गई है.
संबित पात्रा ने सिर्फ मौजूदा विवादों पर ही नहीं बल्कि कांग्रेस के पुराने इतिहास पर भी करारा प्रहार किया. उन्होंने याद दिलाया कि कैसे कांग्रेस के समय जम्मू-कश्मीर और असम में लोगों पर गोलियां चलाई गई थीं. पात्रा ने ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन के 800 से ज्यादा छात्रों की हत्या का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से नियमों को ताक पर रखकर काम करती आई है. संसद में बार-बार चेतावनी के बाद भी उनके नेता असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करने से बाज नहीं आ रहे हैं.
जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी पर क्या आरोप लगाए?
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने युवाओं को ‘मूर्ख’ कहा है. देश के भविष्य के लिए यह बात बेहद निराशाजनक है. उन्होंने 21 जुलाई की घटना का भी जिक्र किया. जितेंद्र सिंह ने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री आवास के बाहर जाकर बैठ गए थे. विपक्ष सदन में गलत जानकारी दे रहा है. वहां कोई गोली नहीं चली थी बल्कि सिर्फ आंसू गैस का इस्तेमाल हुआ था.
About the Author
दीपक वर्मा की गिनती डिजिटल मीडिया के सबसे तेज और उभरते हुए चेहरों में होती है. वह न्यूज18 हिंदी के साथ डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर जुड़े हैं. दीपक ने अपने करियर में कई बड़े मुकाम हासिल किए हैं…
और पढ़ें