Barabanki Election Result 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी हलचल के बीच बाराबंकी जिले की कुछ सीटों पर सबकी नजर रहेगी. इसकी वजह 2022 के चुनावी नतीजे हैं. जिले की कुर्सी और रामनगर विधानसभा सीट पर हार-जीत का फैसला बेहद कम वोटों से हुआ था. एक सीट पर बीजेपी ने बाजी मारी थी, तो दूसरी पर समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की थी. दोनों सीटों पर जीत का अंतर 500 वोट भी नहीं था.
कुर्सी में 217 वोटों से जीती थी बीजेपी
बाराबंकी की कुर्सी विधानसभा सीट पर 2022 में बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच जबरदस्त मुकाबला हुआ था. बीजेपी के सकेंद्र प्रताप वर्मा ने 1,18,720 वोट हासिल किए थे. वहीं, सपा के राकेश कुमार वर्मा को 1,18,503 वोट मिले थे. दोनों उम्मीदवारों के बीच सिर्फ 217 वोटों का अंतर रहा. इस तरह बीजेपी ने बेहद करीबी मुकाबले में यह सीट अपने नाम की थी. इस सीट पर बसपा की मीता गौतम तीसरे स्थान पर रही थीं. उन्हें 35,561 वोट मिले थे. वहीं, एआईएमआईएम के उम्मीदवार अरुण कुमार को 8,541 वोट मिले थे. वह चौथे स्थान पर रहे थे.
रामनगर में 261 वोटों से सपा ने मारी थी बाजी
रामनगर विधानसभा सीट पर भी मुकाबले का नतीजा आखिरी वोटों तक दिलचस्प बना रहा था. यहां समाजवादी पार्टी के फरीद महफूज किदवई ने 98,799 वोट हासिल करके जीत दर्ज की थी. बीजेपी के शरद कुमार अवस्थी को 98,538 वोट मिले थे. दोनों के बीच जीत का अंतर महज 261 वोट था. इस तरह रामनगर में सपा ने बेहद कम अंतर से बीजेपी को शिकस्त दी थी. कुर्सी और रामनगर के नतीजों में एक खास बात रही. दोनों सीटों पर बीजेपी और सपा के उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला था. एक सीट बीजेपी के खाते में गई, जबकि दूसरी पर सपा ने जीत हासिल की.
बाराबंकी की बाकी चार सीटों पर क्या रहा नतीजा?
जिले की बाकी चार विधानसभा सीटों पर भी बीजेपी और सपा के बीच मुकाबला देखने को मिला था. बाराबंकी विधानसभा सीट पर सपा के धर्मराज सिंह यादव ने 1,25,500 वोट हासिल किए थे. उन्होंने बीजेपी की राजकुमारी मौर्य को 35,050 वोटों से हराया था. राजकुमारी मौर्य को 90,450 वोट मिले थे. जैदपुर सीट पर सपा के गौरव कुमार ने 1,13,558 वोट पाकर जीत दर्ज की थी. उन्होंने बीजेपी के अंबरीश रावत को 2,982 वोटों से हराया था. अंबरीश रावत को 1,10,576 वोट मिले थे.
दरियाबाद और हैदरगढ़ में बीजेपी की जीत
दरियाबाद विधानसभा सीट पर बीजेपी के सतीश चंद्र शर्मा ने 1,28,219 वोट हासिल किए थे. उन्होंने सपा के अरविंद कुमार सिंह गोप को 32,402 वोटों से हराया था. गोप को 95,817 वोट मिले थे. वहीं, हैदरगढ़ सीट पर बीजेपी के दिनेश रावत ने 1,17,133 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी. इस तरह 2022 के विधानसभा चुनाव में बाराबंकी की छह सीटों में बीजेपी और सपा ने तीन-तीन सीटों पर जीत हासिल की थी. कुर्सी और रामनगर में जीत का बेहद कम अंतर इन दोनों दलों के बीच मुकाबले को खास बनाता है.