Last Updated:
IIndia Post Rakhi Campaign: रक्षाबंधन के मौके पर भारतीय डाक विभाग ने कोडरमा में ‘राखी बनाओ और भेजो’ अभियान शुरू किया है. इसके तहत स्कूलों में छात्राएं अपने हाथों से राखी बनाकर वहीं से स्पीड पोस्ट के जरिए अपने भाइयों को भेज सकेंगी. इसके लिए डाक विभाग की टीम स्कूल पहुंचकर पूरी प्रक्रिया पूरी करेगी. बेहतर राखी बनाने वाले बच्चों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार भी दिए जाएंगे.
कोडरमा: रक्षाबंधन के पावन पर्व को खास बनाने के लिए भारतीय डाक विभाग ने इस साल एक अनोखी पहल शुरू की है. अब बहनों को अपने भाइयों के लिए राखी भेजने के लिए डाकघर की लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा. डाक विभाग स्कूलों में ‘राखी बनाओ और भेजो’ प्रतियोगिता आयोजित करेगा. छात्राओं द्वारा बनाई गई राखियों को वहीं से स्पीड पोस्ट के जरिए उनके भाइयों तक भेजने की व्यवस्था की जाएगी. इस पहल का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, कला और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते से जोड़ना है. साथ ही उन्हें डाक सेवाओं के प्रति जागरूक भी बनाना है.
ऱाखी पर डाक विभाग विशेष अभियान
झुमरी तिलैया के डाक विभाग में मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव अमन कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक है. डाक विभाग की कोशिश है कि दूरी चाहे कितनी भी हो, हर भाई की कलाई तक बहन का प्यार समय पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि इसी सोच के साथ इस वर्ष विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
स्कूल पहुंचकर पूरी होगी स्पीड पोस्ट की प्रक्रिया
इसके तहत स्कूलों में ‘राखी बनाओ और भेजो’ प्रतियोगिता आयोजित होगी. प्रतियोगिता में भाग लेने वाली छात्राएं अपने हाथों से सुंदर और रचनात्मक राखियां तैयार करेंगी. इसके बाद डाक विभाग की विशेष टीम संबंधित स्कूलों में पहुंचेगी. वहीं पर राखियों की स्पीड पोस्ट बुकिंग की जाएगी. छात्राओं की बनाई राखियां सीधे उनके भाइयों के पते पर भेजी जाएंगी. इससे बच्चों और अभिभावकों को अलग से डाकघर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. डाक विभाग का मानना है कि इससे समय की बचत होगी. साथ ही बच्चों में रचनात्मकता बढ़ेगी और डाक सेवाओं के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत होगा.
बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मिलेगा सम्मान
अमन कुमार ने बताया कि यह प्रतियोगिता केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगी. इसमें अच्छा प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित भी किया जाएगा. प्रत्येक भाग लेने वाले स्कूल से 10 सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा. वहीं पूरे कोडरमा जिले से चुने गए 10 सबसे उत्कृष्ट और रचनात्मक प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार भी दिया जाएगा.
बारिश में भी सुरक्षित रहेंगी राखियां
डाक विभाग ने सावन के मौसम और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए विशेष तैयारी की है. राखियों की सुरक्षा के लिए वॉटरप्रूफ लिफाफों की व्यवस्था की गई है. ये लिफाफे कोडरमा प्रमंडल के एक प्रधान डाकघर, सात उप डाकघरों और 77 शाखा डाकघरों में उपलब्ध रहेंगे. इनकी मदद से राखियां बारिश के दौरान भी सुरक्षित रहेंगी और बिना किसी नुकसान के अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगी.
मात्र 70 रुपये में मिलेगी पूरी सुविधा
अमन कुमार ने बताया कि इस विशेष सेवा का कुल शुल्क 70 रुपये रखा गया है. इसमें 10 वॉटरप्रूफ लिफाफों की कीमत, 55 रुपये स्पीड पोस्ट शुल्क और 5 रुपये अन्य सेवा शुल्क शामिल हैं. रक्षाबंधन के दौरान डाकघरों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए सभी प्रमुख डाकघरों में विशेष काउंटर बनाए जाएंगे. इसके अलावा राखियों की समय पर बुकिंग, सुरक्षित परिवहन और तय समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए डाक विभाग की ओर से एक विशेष टीम भी तैनात की जाएगी. इससे बहनों की राखी समय पर उनके भाइयों तक पहुंच सकेगी.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें