Last Updated:
रांची के किशोरगंज में शनि देव का एक अनोखा मंदिर है, जिसे ‘सर्वोच्च न्यायालय’ कहा जाता है. यहां शनि महाराज को आध्यात्म का मुख्य न्यायाधीश माना जाता है. भक्त जमीन विवाद और पारिवारिक कलह जैसे मामलों में न्याय के लिए यहां तेल चढ़ाते हैं. शनिवार को यहां विशेष हाजिरी और भारी भीड़ लगती है.
रांची: झारखंड की राजधानी रांची के किशोरगंज में एक ऐसा मंदिर है, जिसे लोग ‘सर्वोच्च न्यायालय’ के नाम से जानते हैं. मंदिर के मुख्य द्वार पर बड़े अक्षरों में ‘सर्वोच्च न्यायालय’ लिखा होना इसे अन्य मंदिरों से अलग और बेहद लोकप्रिय बनाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शनि देव को न्याय का देवता माना जाता है, इसलिए लोग यहां तब आते हैं जब उन्हें कहीं और से न्याय की उम्मीद नहीं बचती.
आध्यात्म के ‘चीफ जस्टिस’ हैं शनि महाराज
मंदिर के पुजारी राजेश बताते हैं कि जिस प्रकार देश की कानूनी व्यवस्था में सुप्रीम कोर्ट और उसके मुख्य न्यायाधीश सर्वोपरि होते हैं, ठीक उसी तरह आध्यात्म की दुनिया में शनि देव को ‘चीफ जस्टिस’ का दर्जा प्राप्त है. उनके दरबार में अमीर-गरीब का कोई भेदभाव नहीं होता. हर शनिवार को यहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है, जो अपनी समस्याओं के समाधान के लिए तेल अर्पित कर न्याय की गुहार लगाते हैं.
जायदाद विवाद से लेकर पारिवारिक कलह तक का समाधान
पुजारी के अनुसार, उन्होंने अपनी आंखों के सामने कई पेचीदा मसलों को सुलझते देखा है. वे एक हालिया उदाहरण देते हुए बताते हैं कि एक व्यक्ति अपनी हड़पी गई जमीन को लेकर परेशान था. यहां मन्नत मांगने और तेल चढ़ाने के एक महीने के भीतर ही न केवल उसके भाई के साथ रिश्ते सुधर गए, बल्कि उसे संपत्ति में अपना हक भी मिल गया. इसी तरह वैवाहिक समस्याओं और घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाएं भी यहां न्याय की आस लेकर आती हैं और सकारात्मक परिणाम मिलने पर दोबारा आभार जताने पहुंचती हैं.
शनि शिंगणापुर की तर्ज पर स्थापित प्रतिमा
किशोरगंज के इस मंदिर में शनि देव की प्रतिमा महाराष्ट्र के प्रसिद्ध शनि शिंगणापुर की तर्ज पर स्थापित की गई है. भक्त इसी प्रतिमा पर तेल चढ़ाते हैं और अपनी मनोकामना मन में दोहराते हुए मंदिर की परिक्रमा करते हैं. लोगों का विश्वास है कि भले ही दुनिया की किसी अदालत में उन्हें न्याय न मिले, लेकिन शनि महाराज के इस ‘सुप्रीम कोर्ट’ में उनकी सुनवाई जरूर होगी.
कैसे पहुंचें?
अगर आप भी इस अनोखे मंदिर के दर्शन करना चाहते हैं, तो यह रांची के किशोरगंज स्थित खादगढ़ सब्जी मार्केट के ठीक बगल में स्थित है. यह मंदिर सड़क से ही साफ नजर आ जाता है और श्रद्धालुओं के लिए यहां पार्किंग की भी समुचित व्यवस्था उपलब्ध है.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.