![]()
इन रूटों पर आवासीय होल्डिंग नंबर की भी जांच की जाएगी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद नगर निगम राजधानी को व्यवस्थित और हरा-भरा बनाने में जुट गया है। इसके लिए दो मॉडल कॉरिडोर बनाए जाएंगे। पहले चरण में कांके रोड से हरमू बाईपास होते हुए कैलाशपति मिश्र तक की सड़क को मॉडल कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा। फिर सिरमटोली चौक से इंदिरा गांधी चौक और चुटिया होते हुए बहु बाजार तक की सड़क को विकसित किया जाएगा। इस सड़क के दोनों ओर पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ बनेगा। डिवाइडर के बीच पौधे लगाए जाएंगे, ताकि ये सड़कें मेट्रो सिटी की तर्ज पर दिखें। इससे पहले निर्धारित रूट की सभी दुकानों-प्रतिष्ठानों के ट्रेड लाइसेंस की जांच होगी। कांके रोड में स्थित राम मंदिर से न्यू मार्केट चौक, हरमू बाईपास रोड होते हुए अरगोड़ा चौक, सेटेलाइट चौक से कैलाशपति मिश्रा चौक और सिरमटोली चौक से बहुबाजार चौक तक की दुकानों के ट्रेड लाइसेंस जांचे जाएंगे। टीम के साथ निरीक्षण पर निकले नगर आयुक्त नगर आयुक्त शनिवार को पूरी टीम के साथ बस से शहर का निरीक्षण करने निकले। करीब चार घंटे तक अधिकारियों ने मॉडल कॉरिडोर के लिए चिह्नित रूट का निरीक्षण किया। ग्रीन पैच की जगह चिह्नित की। सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण हटाने और पाथ-वे व नाली पर से कब्जा हटाने व सड़क किनारे पेवर्स ब्लॉक बिछाने का निर्देश दिया। जानिए…मॉडल कॉरिडोर में क्या-क्या होगा पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ बनेगा: मॉडल कॉरिडोर में पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ बनेगा। खाली स्थान पर बेंच लगाए जाएंगे। जगह-जगह वर्टिकल गार्डन बनेंगे। डिवाइडर के बीच पौधे लगाए जाएंगे। इसे पुणे की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। दीवारों पर दिखेगी झारखंड की संस्कृति: मॉडल कॉरिडोर पूरी तरह हरा-भरा रहेगा। आकर्षक बागवानी होगी। दीवारों पर पेंटिंग के माध्यम से झारखंड की संस्कृति दिखाई जाएगी। टर्निंग पॉइंट पर वर्टिकल गार्डन और पौधे लगाए जाएंगे। आकर्षक लाइटिंग की जाएगी। लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। सिटी बस के लिए स्टॉपेज मार्किंग होगी और यात्री शेड बनेंगे। कैलाशपति मिश्र चौक के पास बनेगा पार्क: कैलाशपति मिश्र चौक के पास खाली प्लॉट पर पार्क बनाया जाएगा। इसका प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया है। हरमू रोड के दुकानदारों को लगेगा 25 हजार जुर्माना नगर निगम ने झारखंड राज्य आवास बोर्ड की जमीन पर चल रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का ट्रेड लाइसेंस रद्द कर दिया है। हरमू रोड में भारत माता चौक से सहजानंद चौक, हरमू चौक होते हुए भाजपा कार्यालय से आगे तक आवास बोर्ड की जमीन है। उक्त जमीन पर रोड के दोनों किनारों पर व्यावसायिक गतिविधियां चलती हैं। ट्रेड लाइसेंस रद्द होने से करीब 250 दुकानें अवैध हो गई हैं। इन दुकानदारों पर 25 हजार रुपए जुर्माना लगेगा। दुकानें भी सील हो सकती हैं।
Source link