![]()
भास्कर न्यूज | धालभूमगढ़ एसयूसीआई कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से आगामी 25 मई को राज्यपाल के समक्ष प्रस्तावित प्रदर्शन कार्यक्रम को लेकर नरसिंहगढ़ बाजार में नुक्कड़ सभा आयोजित की गई। सभा के माध्यम से आम लोगों को आंदोलन की जानकारी दी गई तथा बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई। नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कॉमरेड हर प्रसाद सिंह सोलंकी और राजीव दास ने वर्तमान परिस्थितियों में जनआंदोलन की आवश्यकता पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्यपाल के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संगठित आंदोलन जरूरी है और इसके लिए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी आवश्यक है। वक्ताओं ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि 25 मई को आयोजित होने वाले प्रदर्शन में भारी संख्या में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करें। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष कर ही आम जनता के अधिकारों की रक्षा की जा सकती है। सभा के दौरान पार्टी नेताओं ने स्थानीय लोगों को आंदोलन के उद्देश्य और मांगों की भी जानकारी दी। नुक्कड़ सभा के माध्यम से बाजार क्षेत्र में राजनीतिक माहौल भी गर्म दिखाई दिया और लोगों ने सभा को गंभीरता से सुना। इस मौके पर पार्टी के लोकल इंचार्ज कॉमरेड प्रताप तिवारी, उपासीनी सरदार, साधु मुंडा, रंजन सिंह, हरेन कालिंदी, उत्पल समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे। पार्टी नेताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान तेज करने की बात कही।
Source link