![]()
रामगढ़ में आयोजित 21वीं उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता में रामगढ़ जिला बल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता शनिवार से सोमवार तक सिद्धू कानू मैदान में आयोजित की गई। जिसमें उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के पांच जिलों से कुल 283 पुलिस अधिकारी और जवानों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस जवानों की शारीरिक दक्षता और खेल भावना को बढ़ावा देना था, जिसे खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से सार्थक किया। आठ खेलों में दिखा दमखम, कई जिलों ने जीते पदक प्रतियोगिता के दौरान कुल आठ अलग-अलग खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें रामगढ़, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा और गिरिडीह जिलों की पुलिस टीमों ने हिस्सा लिया। रामगढ़ जिला बल के खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सबसे अधिक पदक हासिल किए और चैंपियनशिप अपने नाम की। वहीं हजारीबाग की टीम दूसरे स्थान पर रही। इसके अलावा कोडरमा, चतरा और गिरिडीह की टीमों ने भी कई स्पर्धाओं में पदक जीतकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। विजेताओं को किया सम्मानित प्रतियोगिता का समापन समारोह तेज बारिश के बीच आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र के डीआईजी अंजनी कुमार झा ने ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्रॉफी रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत को प्रदान की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न खेलों के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया और सभी प्रतिभागियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन पुलिस बल में ऊर्जा और अनुशासन को बढ़ाते हैं। एसपी ने खिलाड़ियों को दी बधाई रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने ओवरऑल विजेता बनने पर सभी खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि टीम के सामूहिक प्रयास और अनुशासन का परिणाम है। रामगढ़ टीम के मैनेजर मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा थे, जबकि टीम की कप्तानी परिचारी प्रवर मंटू यादव ने की। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से पुलिस जवानों में उत्साह का माहौल देखा गया और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों को प्रेरणा मिली।
Source link