![]()
रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र में गिरिडीह के सब रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की हत्या कर दी गई है। यह घटना बालसेग्रा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन पर पत्थर से हमला किया गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बालेश्वर पटेल हुल दिवस की छुट्टी पर अपने पैतृक गांव आए हुए थे। मंगलवार सुबह वह अपनी जमीन देखने गए थे, जो विवादित है। वहीं पर उन पर हमला किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जमीन पर बोरिंग और समरसेबल पंप देखने गए थे मृतक की पत्नी रीता देवी ने मांडू थाने में एक आवेदन दिया है। उन्होंने बताया कि उनके पति हाल ही में खरीदी गई जमीन पर बोरिंग और समरसेबल पंप देखने गए थे। रीता देवी के अनुसार, इसी दौरान रामू साव उर्फ ज्ञानी साव, विष्णु कुमार, संतोष साव उर्फ पम्पम, पूजा देवी, रूबी देवी, शकुंतला देवी, नन्दु और उनकी बेटी डोली कुमारी सहित कुल आठ लोगों ने उन पर हमला कर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी वारदात के बाद घटनास्थल से भाग गए रीता देवी ने इस षड्यंत्र में हुवाग गांव निवासी हेमंत पांडे और दिनेश्वर साव का भी नाम लिया है। हमले के समय बबीता देवी भी वहां मौजूद थीं। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए घटनास्थल से भाग गए। पुलिस इस मामले में अभी तक कोई विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर रही है। बालेश्वर पटेल गिरिडीह में सब रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, उन्होंने हाल ही में यह जमीन खरीदी थी और बोरिंग कराने के लिए वहां गए थे। एक महिला और तीन पुरुष हिरासत में लिए गए हैं, बाकी अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है। स्पेशल टीम भी आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। -मुकेश कुमार लुनायत, एसपी, रामगढ़
Source link