![]()
केरेडारी के बुकरु स्थित चंद्रगुप्त कोल परियोजना इलाके में शुक्रवार सुबह करीब 3:20 बजे गैंगस्टर राहुल दुबे गिरोह के दो अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। दोनों ओर से करीब आधे घंटे तक रुक-रुककर लगभग 10 राउंड फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल समेत दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान डाड़ी कला ओपी क्षेत्र के चेपा खुर्द निवासी रागिब अफजल और पगार ओपी क्षेत्र के चट्टीबारियातु निवासी जितेंद्र कुमार सोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्टल, तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ से पहले दोनों अपराधियों ने राहुल दुबे के निर्देश पर चंद्रगुप्त कोल परियोजना इलाके में वर्चस्व कायम करने और दहशत फैलाने के उद्देश्य से दो राउंड फायरिंग की थी। साथ ही संगठन का धमकी भरा पर्चा भी छोड़ा था। सूचना मिलते ही बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई। बुकरु गांव के पास पुलिस ने दोनों को घेर लिया। इस दौरान अपराधी जंगल की ओर भागते हुए फायरिंग करने लगे। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें रागिब अफजल के दाहिने पैर में गोली लगी। एसपी अमन कुमार ने बताया कि जब्त मोबाइल फोन से कई अहम सुराग मिले हैं। राहुल दुबे के साथ चैट मिली है। उसमें रेकी के बाद कई पदाधिकारियों की तस्वीरें, लोकेशन और मोबाइल नंबर भेजे गए थे। पूछताछ में रागिब ने बताया कि वह पहले पॉक्सो एक्ट के मामले में 13 महीने जेल में रह चुका है। वहीं, जितेंद्र करीब एक महीने पहले उसके साथ जुड़ा था और रेकी के लिए लोगों के नंबर, तस्वीरें व लोकेशन उपलब्ध कराता था। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि रागिब अफजल बड़कागांव इंटर आर्ट्स कॉलेज में पॉलिटिकल साइंस के शिक्षक के रूप में काम कर चुका था और इसी पहचान की आड़ में गैंग के लिए काम कर रहा था। घायल रागिब को बड़कागांव सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अब तक राहुल दुबे गिरोह के 8 अपराधी गिरफ्तार
अब तक गिरोह के आठ कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
14 जुलाई: पिपरवार क्षेत्र से संजय मूर्ति, आलोक कुमार सिंह और अजय करमाली गिरफ्तार हुए।
7 जुलाई: मांडू में स्कॉर्पियो से मोहित सिंह उर्फ कुणाल और भोला उर्फ ओम प्रकाश पाल पकड़े गए। हथियार भी बरामद हुए।
24 जुलाई: मुठभेड़ में रागिब अफजल और जितेंद्र कुमार सोनी गिरफ्तार हुए।
दो माह पहले एक अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इंटर कॉलेज में शिक्षक रह चुका था रागिब
मुठभेड़ में घायल रागिब अफजल बड़कागांव मुख्यालय स्थित इंटर आर्ट्स कॉलेज में पॉलिटिकल साइंस का शिक्षक रह चुका है। कॉलेज के प्राचार्य मिस्टर अली ने बताया कि रागिब वहां शिक्षक था। हालांकि, करीब दो माह पहले वह कॉलेज छोड़ चुका था।
Source link