Last Updated:
विक्रमशिला सेतु पर यातायात बाधित होने से रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है. सरायगढ़ और देवघर के बीच मुंगेर रेल पुल के रास्ते स्पेशल ट्रेन चलेगी. यह सेवा 7 मई से 31 मई तक प्रतिदिन उपलब्ध रहेगी. ट्रेन सहरसा, खगड़िया और भागलपुर होकर गुजरेगी. इससे गंगा के दोनों ओर के यात्रियों को राहत मिलेगी.

भारतीय रेल की फाइल फोटो
भागलपुर: भागलपुर में गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने और वहां यातायात पूरी तरह बाधित हो जाने के बाद रेल मंत्रालय ने उत्तर और दक्षिण बिहार के यात्रियों को बड़ी राहत दी है. पुल पर आवागमन ठप होने से पैदा हुई समस्याओं को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने सरायगढ़ और देवघर के मध्य एक जोड़ी स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. यह ट्रेन मुंगेर रेल पुल के रास्ते परिचालित की जाएगी, जिससे गंगा के दोनों ओर रहने वाले लोगों को यात्रा का एक सुलभ विकल्प मिल सकेगा.
07 मई से शुरू होगा परिचालन
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, गाड़ी संख्या 05573/05574 सरायगढ़-देवघर-सरायगढ़ स्पेशल का परिचालन 7 मई 2026 से शुरू होकर 31 मई 2026 तक प्रतिदिन किया जाएगा. यह ट्रेन सुपौल, सहरसा, खगड़िया और मुंगेर होते हुए भागलपुर और बांका के रास्ते देवघर तक जाएगी.
ट्रेन की समय सारिणी
गाड़ी संख्या 05573 (सरायगढ़ से देवघर): यह ट्रेन प्रतिदिन सरायगढ़ से सुबह 03:05 बजे प्रस्थान करेगी. इसके बाद यह 03:38 बजे सुपौल, 04:30 बजे सहरसा, 05:00 बजे सिमरी बख्तियारपुर, 05:50 बजे मानसी, 06:00 बजे खगड़िया और 06:40 बजे मुंगेर पहुंचेगी. मुंगेर से खुलकर यह 07:48 बजे सुल्तानगंज और 08:30 बजे भागलपुर होते हुए सुबह 11:20 बजे देवघर पहुंचेगी.
वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 05574 (देवघर से सरायगढ़): वापसी में यह ट्रेन देवघर से प्रतिदिन सुबह 11:35 बजे खुलेगी. दोपहर 02:20 बजे भागलपुर, 04:25 बजे मुंगेर और शाम 05:50 बजे खगड़िया होते हुए यह रात 08:40 बजे सहरसा पहुंचेगी. अंततः रात 10:15 बजे यह ट्रेन वापस सरायगढ़ पहुंचेगी.
आमजन को मिलेगी बड़ी राहत
विक्रमशिला सेतु बिहार के 16 जिलों को जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी है. इसके क्षतिग्रस्त होने से सड़क मार्ग से संपर्क पूरी तरह टूट गया है. ऐसे में मुंगेर रेल पुल के रास्ते इस नई स्पेशल ट्रेन की शुरुआत से न केवल भागलपुर और मुंगेर के यात्रियों को फायदा होगा, बल्कि सहरसा, सुपौल और मधेपुरा के लोगों के लिए भी देवघर (झारखंड) तक का सफर आसान हो जाएगा. प्रशासन का मानना है कि इस पहल से सड़क पर लगने वाली भीड़ और जाम की समस्या में भी कमी आएगी.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.