![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो डीपीएस बोकारो में मंगलवार को 11वीं कक्षा के नव नामांकित विद्यार्थियों के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि शिक्षा और ज्ञान तभी सार्थक है, जब उसका उपयोग लोकहित, समाजहित और राष्ट्रहित में किया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं पर भरोसा रखते हुए लक्ष्य पर केंद्रित रहने और भावनाओं पर नियंत्रण रखने की अपील की। उपायुक्त ने कहा कि 10वीं के बाद का समय जीवन की दिशा तय करने वाला होता है। इसलिए विद्यार्थी पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ पढ़ाई करें। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, मोबाइल का संतुलित उपयोग करने तथा बदलती तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के साथ कदम मिलाकर चलने की सलाह दी। बेटियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाएं हमेशा बदलाव की वाहक रही हैं और उन्हें बड़े लक्ष्य लेकर आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने विद्यार्थियों को मेहनत, निरंतरता और आत्मविश्वास का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि सफलता पाने के लिए लक्ष्य तय कर निरंतर प्रयास करना जरूरी है। साथ ही पोक्सो एक्ट, साइबर सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों की जानकारी भी दी। साइकोग्राफिक सोसाइटी, रांची के संस्थापक व काउंसलर विकास कुमार ने करियर के विभिन्न विकल्पों और प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को अभी से तैयारी शुरू करने की सलाह दी। उन्होंने डीपीएस बोकारो को एक शैक्षणिक कल्पवृक्ष बताते हुए इसकी उपलब्धियों की सराहना की। इससे पूर्व प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार ने अतिथियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों का स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और कड़ी मेहनत को जीवन की पूंजी बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा के नेशनल टॉपर आदित्य मिश्रा को सम्मानित किया गया।
Source link