![]()
भास्कर न्यूज|लोहरदगा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 का कार्य मंगलवार से जिले में प्रारंभ हो गया। इसके मद्देनजर उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना ने नगर परिषद क्षेत्र के बंग्ला रोड स्थित आयशा कच्छी उर्दू बालिका विद्यालय में स्थापित बूथ संख्या 272, 273 व 274 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर व विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलओ) से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रगति व तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि सभी मतदाताओं के बीच गणना प्रपत्रों का वितरण शीघ्रता से सुनिश्चित करें, ताकि मतदाता प्रपत्र भरकर व हस्ताक्षर कर समय पर बीएलओ को उपलब्ध करा सकें। उपायुक्त ने बूथ लेवल एजेंटों से भी अपील की कि वे मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के महत्व से अवगत कराएं व निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाना है। निरीक्षण के दौरान बीएलओ को एप के माध्यम से गणना प्रपत्र जनरेट करने, आवश्यक मार्किंग करने, डेटा अपलोड करने सहित अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं की भी जानकारी दी गई, ताकि कार्य का निष्पादन सुचारु एवं समयबद्ध ढंग से किया जा सके। मौके पर पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, पीडी आइटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमण्डल पदाधिकारी अमित कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, संबंधित एईआरओ सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
Source link