Last Updated:
बोकारो का सेक्टर-4 स्थित सिटी सेंटर ‘मिनी मुंबई’ बन गया है. यहां की फूड स्ट्रीट पर महानगरों जैसा लजीज स्वाद मिलता है. इस फूड पार्क में फास्ट फूड के 50 से अधिक स्टॉल हैं. यह जगह साफ-सफाई और किफायती दामों के लिए मशहूर है. यहां रात 10 बजे तक फूड लवर्स की भारी भीड़ उमड़ती है.
बोकारोः अगर आप खाने के शौकीन हैं, तो बोकारो का सेक्टर-4 स्थित सिटी सेंटर किसी बड़े महानगर की फूड स्ट्रीट से कम नहीं है. जहां हर शाम खाने-पीने के शौकीनों की भारी भीड़ उमड़ती है और रंग-बिरंगी रोशनी के बीच लजीज व्यंजनों की खुशबू और लोगों की चहल-पहल इस जगह को एक अलग ही पहचान देती है.
सिटी सेंटर के फूड पार्क में 50 से अधिक बड़े-छोटे फूड स्टॉल हैं. जहां हर कदम पर नया स्वाद आपका इंतजार करता है यहां रोल, चाउमीन, मोमोज, पाव भाजी, मसाला डोसा, छोले-भटूरे, बटाटा पुरी, मुंबई स्टाइल भेल, आइसक्रीम, शेक और कई तरह के फास्ट फूड की शानदार वैरायटी मिलती है. यही वजह है कि शहर के लोग होटल और रेस्टोरेंट के बजाय शाम का समय यहां बिताना पसंद करते हैं.
जानें फूड पार्क की खासियत
इस फूड पार्क की सबसे बड़ी खासियत सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि साफ-सफाई और किफायती कीमत भी है. जहां परिवार, युवा, बच्चे और दोस्तों की टोली साथ बैठकर भोजन का आनंद लेते नजर आते हैं. वहीं सिटी सेंटर सिर्फ बाजार और खाने-पीने के लिए ही नहीं, बल्कि अपना ऐतिहासिक महत्व भी है. बोकारो स्टील प्लांट के निर्माण के शुरुआती दौर में यह इलाका रूसी अधिकारियों और उनके परिवारों की खरीदारी का पसंदीदा केंद्र हुआ करता था और समय के साथ यह स्थान शहर के प्रमुख शॉपिंग और मनोरंजन केंद्र के रूप में विकसित हो चुका है.
रात 10 बजे तक चालू
सिटी सेंटर सुबह करीब 11 बजे से रात 10 बजे तक लोगों की आवाजाही से गुलजार रहता है. त्योहारों, छुट्टियों और रविवार को यहां की रौनक कई गुना बढ़ जाती है. आज सिटी सेंटर न सिर्फ बोकारो की पहचान है, बल्कि स्वाद, खरीदारी और घूमने-फिरने का सबसे लोकप्रिय ठिकाना भी बन चुका है.
वहीं सिटी सेंटर में आइसक्रीम दुकान के संचालक भारत बताते हैं कि वह बीते 20 सालों से यहां दुकान चला रहे हैं. उससे पहले यहां पानी पुरी का स्टॉल लगाया करते थे और यह सिटी सेंटर फूड पार्क खान पान के लिए जाना जाता है. जहां ग्राहक एक से बढकर एक स्वादिष्ट व्यंजन आनंद ले सकते हैं.
वहीं सिटी सेंटर फूड पार्क में खाने पहुंचे सेक्टर-8 निवासी नीरज ने बताया कि उन्हें यह जगह काफी पसंद है. उन्होंने कहा कि यहां एक ही स्थान पर फास्ट फूड की कई शानदार वैरायटी मिल जाती है स्वाद, साफ-सफाई और माहौल की वजह से वह समय निकालकर अक्सर अपने परिवार और दोस्तों के साथ यहां खाने के लिए आते हैं.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.