![]()
भास्कर न्यूज | कोडरमा थाना क्षेत्र के पूरनानगर गांव में रविवार को उस समय ग्रामीण एकजुट हो गए, जब उन्हें सूचना मिली कि गांव के पुराने श्मशान घाट की जमीन को कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर बेचने की कोशिश की जा रही है। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जेसीबी लगाकर श्मशान घाट की साफ-सफाई तथा घेराबंदी का कार्य शुरू करा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि करीब पांच कट्ठा क्षेत्रफल वाले इस श्मशान घाट में पिछले 300 वर्षों से गांव के लोगों का अंतिम संस्कार होता आ रहा है। उनके अनुसार, इसमें लगभग सवा दो कट्ठा सरकारी भूमि है, जबकि शेष भूमि गांव के एक परिवार के पूर्वजों द्वारा वर्षों पहले श्मशान के लिए दान दी गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ भूमाफिया इस जमीन के फर्जी कागजात तैयार कर इसकी खरीद-बिक्री की तैयारी में थे।ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते इसकी जानकारी मिल गई, नहीं तो गांव का एकमात्र श्मशान घाट भी अतिक्रमण और अवैध बिक्री की चपेट में आ जाता। इसके बाद पूरे गांव के लोगों ने सामूहिक रूप से जमीन को सुरक्षित करने का निर्णय लिया और सीमांकन के साथ साफ-सफाई शुरू करा दी।ग्रामीणों ने बताया कि इसी श्मशान घाट पर एक जनप्रतिनिधि की अनुशंसा से श्मशान शेड निर्माण की योजना भी स्वीकृत हुई है। ऐसे में भूमि की सुरक्षा और संरक्षण आवश्यक है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर श्मशान घाट की जमीन को राजस्व अभिलेखों में सुरक्षित दर्ज करने तथा कथित फर्जीवाड़े में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
Source link