![]()
रांची के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। रेल मंत्रालय ने संतरागाछी और जयपुर के बीच नई ट्रेन सेवा शुरू करने को मंजूरी दे दी है। रेलवे बोर्ड के आदेश के अनुसार ट्रेन नंबर 18061/18062 संतरागाछी-खातीपुरा (जयपुर) एक्सप्रेस जल्द ही पटरियों पर दौड़ती नजर आएगी। यह ट्रेन संतरागाछी से दोपहर 2.15 बजे खुलकर टाटानगर, रांची और टोरी होते हुए जयपुर पहुंचेगी। वहीं, वापसी में खातीपुरा से सुबह 9.20 बजे प्रस्थान कर अगले दिन संतरागाछी पहुंचेगी। साप्ताहिक रूप से चलने वाली यह ट्रेन संतरागाछी से हर बुधवार और खातीपुरा से हर शुक्रवार को संचालित होगी। रास्ते में यह खड़गपुर, चांडिल, पुरुलिया, मुरी, डाल्टनगंज, प्रयागराज, कानपुर और आगरा जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। झारखंड के लोग इस ट्रेन की लंबे समय से मांग कर रहे थे। जेडआरयूसीसी सदस्य अरुण जोशी ने कहा कि इस सेवा से झारखंड के कई शहरों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी और यात्रियों को ट्रेन बदलने की परेशानी से राहत मिलेगी। खासकर विद्यार्थियों, व्यापारियों और राजस्थान मूल के लोगों को बड़ा लाभ होगा। इससे समय और संसाधनों की बचत होगी। कहा कि इस ट्रेन के लिए उन्होंने मांग की थी। ट्रेन मिलने पर रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन की लंबे समय से मांग थी, जिससे व्यापार, पर्यटन और सामाजिक संबंधों को भी मजबूती मिलेगी।
Source link