![]()
गुमला जिले के घाघरा प्रखंड के ताबिल गांव में सड़क नहीं है। मंगलवार को घायल अजय टोपनो को ग्रामीण चारपाई पर ढोकर करीब ढाई किलोमीटर दूर मुख्य सड़क तक ले गए। इलाज के बाद बुधवार को उन्हें इसी तरह घर पहुंचाया गया। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को एक मवेशी ने अजय टोपनो के पैर पर हमला किया, जिससे उनका पैर टूट गया। ग्रामीणों ने चारपाई को रस्सी से बांधकर बहंगी बनाया और उन्हें सलगी माइंस मोड़ तक ले गए। वहां से अजय को लोहरदगा के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। ग्रामीणों ने चारपाई पर ढोकर घर भी पहुंचाया बुधवार को इलाज के बाद अजय को गांव वापस लाया गया। ग्रामीणों ने उन्हें फिर चारपाई पर ढोकर घर पहुंचाया। इस घटना का वीडियो बनाकर ग्रामीणों ने अपनी समस्या सामने रखी। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव तक सड़क नहीं होने से एंबुलेंस या कोई अन्य वाहन नहीं पहुंच सकता। आपात स्थिति में मरीजों को इसी तरह मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सांसद, विधायक और संबंधित अधिकारियों को कई बार समस्या बताने के बावजूद सड़क बनाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गांव तक सड़क बनाने की मांग की है।
Source link