![]()
भास्कर न्यूज | कोडरमा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सतगावां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त की है। इस कार्रवाई में तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि बोलेरो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल और बोलेरो वाहन से अवैध शराब सतगावां के रास्ते गोविंदपुर होते हुए बिहार भेजी जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद थाना प्रभारी बबलू कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घोड़सिमर चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान दो मोटरसाइकिलों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक भागने लगे। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों वाहनों को पकड़ लिया। तलाशी में दोनों बाइक से अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इस मामले में नवादा (बिहार) निवासी 19 वर्षीय अजित कुमार, साजन कुमार और बिहारी ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। तीनों वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसी दौरान पुलिस को देखकर एक सफेद बोलेरो चालक वाहन मोड़कर भागने लगा। पीछा करने पर उसने वाहन बैधडीह पेट्रोल पंप के पीछे छोड़ दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने बोलेरो की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई। पुलिस ने बोलेरो, दो मोटरसाइकिलों के अलावा रॉयल स्टैग, ब्लेंडर्स प्राइड, स्टर्लिंग रिजर्व, मैजिक मोमेंट्स वोडका और किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर समेत सैकड़ों बोतल शराब जब्त की है। इस संबंध में सतगावां थाना कांड संख्या 56/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार, तस्करी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Source link