भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

सपना चुना, शादी ठुकराई, आज 60 हजार महीने की कमाई, पलामू की...


पलामू. कहा जाता है कि अगर हौसले मजबूत हों, तो हालात कितने भी मुश्किल क्यों न हों, मंजिल जरूर मिलती है. कुछ ऐसी ही कहानी पलामू जिले के चैनपुर की रहने वाली एक युवती की है, जिन्होंने समाज और परिवार के तानों को नजरअंदाज कर अपने सपनों को उड़ान दी. कभी घरवाले चाहते थे कि वह पहले शादी कर लें और घर संभालें, लेकिन उन्होंने अपने जुनून को चुना. आज वही बेटी ब्यूटी इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना चुकी है और हर महीने लाखों की कमाई कर रही है.

सपनों को चुना
यह कहानी है पलामू जिले के चैनपुर में संचालित ‘रिद्धिमा मेकओवर’ की संचालिका रिद्धिमा की, जिन्होंने शादी ठुकराकर पहले करियर को अपनाया. रिद्धिमा की कहानी उन महिलाओं से मिलती है जिन्होंने शुरुआती दौर में समाज और लोगों की बातों को नजरअंदाज कर अपने दम पर पहचान बनाई. रिद्धिमा भी आज उन बेटियों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं, जो परिवार और समाज के दबाव के बीच अपने सपनों को पूरा करना चाहती हैं.

परिवार चाहता था शादी, बेटी देख रही थी सपने
रिद्धिमा ने लोकल 18 को बताया कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह ब्यूटी इंडस्ट्री में आएंगी, लेकिन धीरे-धीरे इस काम में उनकी रुचि बढ़ती गई. परिवार वालों का साफ कहना था कि पहले शादी हो, उसके बाद जो करना हो करो. घर में कई बार इस बात को लेकर बहस और तनाव भी हुआ. यहां तक कि परिवार के कई सदस्य उनके इस फैसले के खिलाफ थे.

बावजूद इसके उन्होंने हार नहीं मानी और अपने सपनों के लिए डटी रहीं. ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने स्कूल ज्वाइन किया, लेकिन वहां पढ़ाने में मन नहीं लगा. इसी दौरान उन्होंने अपने पैसों से मेकअप आर्टिस्ट बनने का हुनर सीखा. इसके लिए वह डाल्टनगंज और रांची में ट्रेनिंग भी लेने गईं. हालांकि घरवाले इसके भी खिलाफ थे.

बिना बताए खरीद ली दुकान
रिद्धिमा ने धीरे-धीरे ऑर्डर लेना शुरू किया और इसी दौरान उन्होंने ग्रेजुएशन भी पूरा किया. कुछ समय तक स्कूल में नौकरी की, जहां उन्हें 7 से 8 हजार रुपए वेतन मिलता था. परिवार वाले कहते थे कि इतने कम पैसों में क्या होगा, घर पर रहो और शादी की तैयारी करो. लेकिन रिद्धिमा के मन में कुछ बड़ा करने का जुनून था. उन्होंने बिना घरवालों को बताए अपनी दुकान खरीद ली और खुद का काम शुरू कर दिया.

बड़ी बहन बनी सबसे बड़ा सहारा
रिद्धिमा ने बताया कि जब पूरा परिवार उनके खिलाफ था, तब उनकी बड़ी बहन ने उनका साथ दिया. यही हौसला उन्हें आगे बढ़ने की ताकत देता रहा. धीरे-धीरे उन्होंने ‘रिद्धिमा मेकओवर’ के नाम से अपना ब्यूटी पार्लर शुरू किया. शुरुआत आसान नहीं थी, लेकिन मेहनत और लगन से उन्होंने ग्राहकों का भरोसा जीत लिया. अब उन्हें बड़े-बड़े शहरों से ऑर्डर आते हैं, जिसमें वह कम कीमत पर ब्राइडल मेकअप करती हैं. उन्होंने कहा कि 10 से 15 हजार रुपए में वह ब्राइडल मेकअप करती हैं.

आज बड़े शहरों से आती है बुकिंग
आज रिद्धिमा सिर्फ मेकअप आर्टिस्ट ही नहीं, बल्कि कई लड़कियों को प्रशिक्षण भी दे रही हैं. उनके यहां मेकअप, मेहंदी और ब्यूटी क्लासेस चलती हैं. अब तक वह तीन बैच निकाल चुकी हैं और वर्तमान में कई छात्राएं प्रशिक्षण ले रही हैं. कोर्स पूरा होने के बाद विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट और मेडल भी दिए जाते हैं. उनकी बुकिंग अब जमशेदपुर, पटना और लातेहार जैसे शहरों से भी आने लगी है. शादी और ब्राइडल सीजन में उनकी कमाई करीब एक लाख रुपए तक पहुंच जाती है. उन्होंने कहा कि महीने में 60 से 70 हजार रुपए तक कमाई हो जाती है.

अब परिवार को भी है बेटी पर गर्व
रिद्धिमा बताती हैं कि शुरुआत में घरवाले उनके फैसले से नाराज थे, लेकिन जब लोगों से उनकी तारीफ सुनने लगे, तो धीरे-धीरे परिवार का नजरिया बदल गया. आज वही परिवार उनकी सफलता पर गर्व करता है और पूरा साथ भी देता है. अब कोई काम भी कराना होता है, तो घरवाले खुद आगे बढ़कर मदद करते हैं.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top