जिले में टीकाकरण से संबंधित डाटा की ऑनलाइन प्रविष्टि में लापरवाही पर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। सिविल सर्जन डॉ सरयू प्रसाद ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों, बीपीएम एवं बीडीएम को निर्देश जारी करते हुए यू -विन पोर्टल पर लंबित सभी डाटा की ऑनलाइन प्रविष्टि सात दिनों के भीतर पूर्ण करने का आदेश दिया है। कार्यालय आदेश में कहा गया है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के निर्देशानुसार टीकाकरण के पश्चात लाभुकों का विवरण यू -विन पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज किया जाना अनिवार्य है। हालांकि कई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों द्वारा समय पर डाटा अपलोड नहीं किए जाने के कारण टीकाकरण की वास्तविक प्रगति का सही प्रतिवेदन उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे मुख्यालय स्तर पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सीएस ने सभी बीपीएम एवं बीडीएम को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित डाटा की समीक्षा कर सात दिनों के भीतर शत-प्रतिशत ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करें। आदेश की अवहेलना करने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा राज्य स्तर पर किए जाने की चेतावनी भी दी गई है। निर्देश में यह भी कहा गया है कि सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी यू -विन पोर्टल पर पूर्व का लंबित डाटा भी ऑनलाइन दर्ज कराना सुनिश्चित करें। किसी विशेष परिस्थिति में समस्या आने पर आरसीएच मुख्यालय, सरायकेला-खरसावां के वीसीसीएम ,डीडीएम एवं एफएम (डब्ल्यूएचओ) से समन्वय स्थापित कर ऑनलाइन प्रविष्टि पूरी की जाएगी।
Source link