Last Updated:
Gold-Silver Price : सोने और चांदी की कीमतों में पिछले कुछ दिनों से जिस तरह उछाल आ रहा है, उससे यही अंदाजा लग रहा कि शादियों और त्योहारों के सीजन में इस साल सोना अपने नए रिकॉर्ड लेवल पर जा सकता है. कुछ रिपोर्ट में तो इसके साल 2030 तक 10 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंचने का अनुमान भी लगाया जा रहा है.
सोने और चांदी की कीमतों में पिछले 4 सत्र से लगातार तेजी आ रही है.
नई दिल्ली. जून और जुलाई में कमजोर रहा सोने का भाव अगस्त लगते ही पंख लगाकर उड़ना शुरू हो गया है. अभी तो शादियों और त्योहारों का पूरा सीजन ही बाकी है, जब डिमांड अपने पीक पर होगी. राजधानी दिल्ली के सराफा बाजार में सोने का भाव शुक्रवार को 200 रुपये बढ़कर 1.54 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया है. यह लेवल सोने में करीब डेढ़ महीने पहले दिखा था. यही हाल चांदी का भी है और इस सफेद धातु की कीमत भी 2.35 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास पहुंच गई है. कमोडिटी एक्सपर्ट ने पहले ही अनुमान जता दिया है कि सोने और चांदी की कीमतों में इस साल बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है.
दिल्ली सराफा व्यापारियों के अनुसार, सोने के दाम में शुक्रवार को लगातार चौथे दिन तेजी जारी रही. इस दौरान सोने की कीमत 200 रुपये बढ़कर 1.54 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई. कमजोर अमेरिकी डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच विदेशी बाजारों में आई तेजी का घरेलू बाजार पर सकारात्मक असर पड़ा है. यही वजह रही कि लगातार चौथे सत्र में बढ़त के साथ सोने की कीमत डेढ़ महीने के शीर्ष पर जा पहुंची है.
चांदी ने भी चमक बिखेरी
पिछले सत्र में तेज उछाल के बाद चांदी की कीमत 2,34,800 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) पर स्थिर रही. वैसे तो इसकी कीमतों में शुक्रवार को खास बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन त्योहारी सीजन से पहले इसका रफ्तार पकड़ना आने वाले समय में बड़े उछाल का संकेत दे रहा है. लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध प्रमुख गौरव गर्ग का कहना है कि सोने में लगातार चौथे सत्र में बढ़त जारी रही और यह कीमती धातु जनवरी के बाद से अपने सबसे मजबूत साप्ताहिक प्रदर्शन की ओर बढ़ रही है.
ग्लोबल मार्केट में क्या रहा हाल
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी हाजिर सोना 84.74 डॉलर यानी दो फीसदी बढ़कर 4,325.43 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी में 4 फीसदी से अधिक का उछाल दिखा और यह 64.17 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई. कोटक सिक्योरिटीज की जिंस शोध विभाग की एवीपी, कायनात चेनवाला ने कहा कि शुक्रवार को विदेशी बाजारों में हाजिर सोना बढ़कर 4,350 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गया, जबकि चांदी 4 फीसदी से अधिक बढ़कर लगभग 64 डॉलर प्रति औंस हो गई.
आगे क्या है सोने-चांदी का अनुमान
कमोडिटी एक्सपर्ट अनुज गुप्ता का मानना है कि इस साल सोने और चांदी की कीमतों में भले ही ज्यादा उछाल नहीं दिख रहा है, लेकिन आने वाले कुछ साल इसके लिए बड़ी तेजी ला सकते हैं. कुछ रिपोर्ट में तो यह भी दावा किया जा रहा है कि साल 2030 तक सोने का भाव 10 लाख तक जा सकता है. गुप्ता का कहना है कि यह आंकड़ा अभी तो काफी दूर लग रहा, लेकिन भूराजनैतिक हालात ऐसे ही असामान्य बने रहे तो कुछ भी कहना संभव नहीं है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…
और पढ़ें